पति की दूसरी शादी बनी खूनी वजह…पत्नी ने पति-सास और सौतन समेत 4 लोगों को उतारा मौत के घाट…रिश्तों की चिता में जिंदा जले चार राज

रिश्तों का खूनी अंत, पत्नी ने पति-सास और सौतन समेत 4 लोगों को उतारा मौत के घाट

जयपुर। राजस्थान के अजमेर जिले से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों, भरोसे और परिवार शब्द को ही कटघरे में खड़ा कर दिया है। एक महिला पर आरोप है कि उसने अपने ही पति, सास, पति की दूसरी पत्नी और एक रिश्तेदार को मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद शवों को कार में रखकर आग के हवाले कर दिया गया, ताकि पूरा सच राख में दफन हो जाए।

यह सनसनीखेज मामला अजमेर के बोराड़ा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुरा गांव का है। देर रात गांव के बाहर सड़क किनारे खड़ी एक कार से अचानक आग की तेज लपटें उठती देख लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन जब कार का दरवाजा खोला गया तो अंदर का मंजर देखकर हर कोई सन्न रह गया। कार के भीतर चार जले हुए शव पड़े थे।

जांच में मृतकों की पहचान पूर्व सरपंच परिवार से जुड़े रामसिंह चौधरी, उनकी मां पूसी देवी, दूसरी पत्नी सुरज्ञान और रिश्तेदार महिमा के रूप में हुई। शुरुआती जांच में सामने आया कि रामसिंह और उनकी पहली पत्नी सुनीता के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। पति की दूसरी शादी के बाद घर का माहौल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ था और आए दिन झगड़े होते थे।

पुलिस के मुताबिक बुधवार रात विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि सुनीता ने अपनी बेटी सरिता और नाबालिग बेटे के साथ मिलकर धारदार हथियारों से चारों पर हमला कर दिया। हमला इतना बेरहम था कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला और चारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वारदात को छिपाने के लिए आरोपियों ने शवों को कार में रखा और गांव के बाहर ले जाकर आग लगा दी। लेकिन जलती कार ने पूरे राज पर पर्दा डालने के बजाय इस खौफनाक हत्याकांड को उजागर कर दिया।

अजमेर एसपी हर्षवर्धन ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी सुनीता, उसकी बेटी और नाबालिग बेटे को हिरासत में ले लिया गया है। तीनों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस इस सामूहिक हत्याकांड के हर पहलू की गहन जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

close