घर का हर राज जानता था शालू… महिला अकेली मिली तो रच दी खौफनाक साजिश, पुलिस एनकाउंटर में पैर में लगी गोली
कन्नौज में खौफनाक मर्डर का खुलासा! 30 हजार नहीं मिले तो उतार दिया मौत के घाट, फिर गहने लूटकर भागा आरोपी

कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में महिला की हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। जिस आरोपी पर परिवार भरोसा करता था, उसी ने कर्ज के दबाव में ऐसी वारदात को अंजाम दिया कि इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने आरोपी शालू उर्फ शल्लू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। एनकाउंटर के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने महिला से 30 हजार रुपये उधार मांगे थे, लेकिन इनकार मिलने पर उसने बेरहमी से हमला कर हत्या कर दी और घर से गहने व मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गया। जांच में सामने आया कि आरोपी परिवार का पुराना कर्मचारी रह चुका था और उसे घर के लोगों के आने-जाने का पूरा समय पता था।
घटना छिबरामऊ थाना क्षेत्र के बनवारी नगर की है। 25 मई की दोपहर मंजू वर्मा अपने घर में मृत मिली थीं। जब उनके पति राजीव वर्मा बेटे के साथ दुकान से लौटे तो घर का दरवाजा खुला मिला। अंदर कमरे में मंजू का शव पड़ा था, नाक से खून बह रहा था और चेहरे पर चोट के गंभीर निशान थे। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की तो एक संदिग्ध युवक लाल मोटरसाइकिल को पैदल ले जाते दिखाई दिया। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। गुरुवार सुबह सूचना मिली कि आरोपी छिबरामऊ-फर्रुखाबाद रोड पर इंडियन पेट्रोल पंप के पास मौजूद है। पुलिस और सर्विलांस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से महिला के लूटे गए गहने, मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। बरामद सामान में 6 अंगूठियां, एक ब्रेसलेट, झुमकी, टॉप्स और चेन शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपी शालू ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उस पर करीब 6 से 7 लाख रुपये का कर्ज था और कर्जदार लगातार दबाव बना रहे थे। पैसों की जरूरत में वह मंजू वर्मा के घर पहुंचा और करीब दो घंटे तक सामान्य बातचीत करता रहा। फिर उसने 30 हजार रुपये मांगे, लेकिन मंजू ने मना कर दिया। इसके बाद गुस्से में उसने मंजू के चेहरे पर कई घूंसे मारे, जिससे वह बेहोश होकर गिर गईं। आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर उनके गहने उतारे और मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है, लेकिन इस वारदात ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।









