गुप्त सूचना पर रेलवे टीम की बड़ी कार्रवाई, बैगों में छिपाकर ले जाई जा रही थी लाखों की विदेशी शराब

पटना। बिहार में शराबबंदी कानून के बीच शराब तस्कर अब नए-नए तरीके अपनाकर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। इस बार तस्करों ने ट्रेन की बोगी को ही शराब सप्लाई का जरिया बना लिया, लेकिन छपरा जंक्शन पर हुई अचानक जांच ने पूरा खेल बिगाड़ दिया। जैसे ही जवानों ने बैग खोले, अंदर का नजारा देखकर सभी दंग रह गए।

पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल, सीआइबी और सीपीडीएस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में पांच शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के मुताबिक गोंदिया से बरौनी जा रही ट्रेन संख्या 15232 में सुरक्षा ड्यूटी के दौरान जवानों को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक ट्रेन में शराब लेकर सफर कर रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने बोगी संख्या ईसी 227257 में सघन जांच शुरू की।

तलाशी के दौरान पांच युवकों के बैग से अलग-अलग ब्रांड की करीब 107 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई जा रही है। शराब इतनी चालाकी से पैक की गई थी कि पहली नजर में किसी को शक तक नहीं होता।

कार्रवाई के दौरान वैशाली, सारण और सोनपुर के रहने वाले सदर कुमार, सुजीत कुमार ओझा, सरोज कुमार, श्याम सुंदर कुमार और हिमांशु पांडे को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को छपरा जंक्शन पर राजकीय रेल थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

रेल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई के बाद रेलवे और पुलिस महकमे में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। माना जा रहा है कि शराब तस्करों का नेटवर्क ट्रेन के जरिए लंबे समय से सक्रिय हो सकता है, जिसकी अब गहराई से जांच की जा रही है।

Related Articles

close