चलती कार में किडनैप, फिर बेरहमी से पिटाई! हाईवे पर आधी रात युवक के साथ हुआ खौफनाक खेल, CCTV ने खोला राज

नई दिल्ली। दिल्ली की सड़कों पर आधी रात ऐसा खौफनाक खेल खेला गया, जिसने लोगों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। घर लौट रहे एक युवक को अचानक कार सवार बदमाशों ने घेर लिया। कुछ सेकंड के भीतर उसे जबरन कार में खींच लिया गया और फिर चलती गाड़ी में उसके साथ जो हुआ, उसने पुलिस को भी हिला दिया।
मामला 26-27 मई 2026 की दरमियानी रात का है। घटना नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक होलंबी खुर्द निवासी अभिनव त्रिपाठी अपनी बाइक से शाहबाद डेयरी से घर लौट रहे थे। तभी छोटी मेट्रो कट के पास पीछे से आई सफेद रंग की मारुति कार ने उनकी बाइक को अचानक रोक लिया।
अभिनव कुछ समझ पाते उससे पहले ही कार में सवार 6 बदमाश बाहर निकले और उन्हें जबरदस्ती कार के अंदर खींच लिया। आरोप है कि चलती कार में युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। बदमाशों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया, जबकि एक आरोपी उनकी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित के भाई ने तुरंत PCR कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने तुरंत विशेष टीम गठित की और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने इलाके के सैकड़ों CCTV फुटेज खंगाले। तकनीकी सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई। चंद घंटों के भीतर पुलिस ने पूरे गैंग का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अंकित, हर्ष, सुधीर और संकेत नाम के 4 वयस्क शामिल हैं, जबकि 2 नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मारुति कार और पीड़ित की बाइक भी बरामद कर ली है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने इस वारदात को लूट के इरादे से अंजाम दिया था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश भी छिपी हुई है।









