Love Trap Case: धर्म बदलो तभी शादी होगी… प्यार का साझा, गैंगरेप, गर्भपात, फिर जबरन खिलाया मांस,असम की युवती के साथ केरल स्टोरी वाली वारदात

अमरोहा।

उत्तर प्रदेश के अमरोहा से सामने आए एक मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। असम की रहने वाली एक हिंदू युवती ने आरोप लगाया है कि उसे प्यार और शादी के झूठे वादों के जाल में फंसाकर पहले शारीरिक शोषण किया गया, फिर जबरन गर्भपात कराया गया और बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। पीड़िता के आरोपों के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि इसकी कहानी चर्चित फिल्म “द केरल स्टोरी” से मिलती-जुलती बताई जा रही है। हालांकि पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच तथ्यों और शिकायत के आधार पर कर रही है।

पीड़िता के मुताबिक, करीब पांच साल पहले उसकी मुलाकात फरमान नाम के युवक से केरल के तिरुवनंतपुरम में हुई थी। उस समय फरमान वहां एक सैलून में काम करता था। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ती चली गईं।

आरोप है कि फरमान ने शादी का भरोसा देकर युवती को अपने प्रेमजाल में फंसाया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब युवती गर्भवती हुई तो उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया गया। पीड़िता का कहना है कि उसे मजबूर होकर गर्भपात कराना पड़ा।

युवती ने पुलिस को बताया कि करीब छह महीने पहले फरमान उसे अमरोहा स्थित अपने घर लेकर आया। लेकिन वहां पहुंचने के बाद हालात पूरी तरह बदल गए। आरोप है कि फरमान और उसके परिवार वालों ने उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया। उससे कहा गया कि धर्म बदले बिना शादी संभव नहीं होगी।

जब युवती ने इसका विरोध किया, तो उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकियां दी गईं। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष ने उसे जबरन मांस खिलाया और उसके आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर डराया।

मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया जब पीड़िता ने फरमान के भाई फैजान पर भी रेप का आरोप लगाया। युवती किसी तरह हिम्मत जुटाकर पुलिस तक पहुंची और पूरी आपबीती सुनाई।

पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर फरमान, उसके भाई फैजान और जीजा सरफराज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इनमें झूठे वादे से संबंध बनाना, बलात्कार, बिना सहमति गर्भपात कराना, धमकी देना और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धाराएं शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पीड़िता के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। फिलहाल इस घटना ने इलाके में भारी चर्चा और तनाव का माहौल पैदा कर दिया है।

Related Articles

close