मामूली झगड़े के बाद पति बना हैवान….गला रेतकर फरार…

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां नशे को लेकर हुए घरेलू विवाद ने ऐसा खूनी मोड़ ले लिया कि पति ने अपनी ही पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। आधी रात घर के अंदर हुई इस सनसनीखेज हत्या के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई।

यह दिल दहला देने वाली घटना नौहझील थाना क्षेत्र के मकरंदगढ़ी गांव की है। जानकारी के मुताबिक उमेश नाम का व्यक्ति लंबे समय से नशे का आदी था। इसी बात को लेकर उसकी पत्नी भावना अक्सर विरोध करती थी। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी दोनों के बीच जमकर कहासुनी हुई थी। मामला बढ़ता देख परिजनों ने किसी तरह दोनों को शांत कराया और रात में सभी खाना खाकर सो गए।

लेकिन घरवालों को क्या पता था कि रात का सन्नाटा कुछ ही देर में खून से लाल होने वाला है। आरोप है कि देर रात उमेश ने सो रही पत्नी भावना पर चाकू से हमला कर दिया। उसने महिला के गले पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

इस खौफनाक घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि नशे की लत ने एक हंसते-खेलते परिवार को बर्बाद कर दिया।

Related Articles

close