फंदे से लटकी मिली महिला, लेकिन शरीर पर चोट के निशान देख परिवार चौंका… बेल्ट से पिटाई का वीडियो वायरल
1 करोड़ के इंश्योरेंस के लिए पत्नी को मार डाला? मौत के बाद सामने आया खौफनाक वीडियो, पति पर हत्या का शक गहराया

हैदराबाद। तेलंगाना के खम्मम जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 28 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। शुरुआत में जिस मौत को आत्महत्या माना जा रहा था, अब वही मामला कथित हत्या की साजिश में बदलता नजर आ रहा है। महिला के परिवार ने उसके पति पर 1 करोड़ रुपये के इंश्योरेंस के लिए हत्या कराने का गंभीर आरोप लगाया है।
मृतका की पहचान गुगुलोथ मीनाक्षी के रूप में हुई है। शुक्रवार को वह अपने घर में फंदे से लटकी मिली थी। घटना के बाद परिवार ने पति शिवाजी पर शक जताया और दावा किया कि उसने कर्ज से छुटकारा पाने के लिए पत्नी की मौत की साजिश रची।
परिजनों के मुताबिक, आरोपी शिवाजी एक इलेक्ट्रिकल कॉन्ट्रैक्टर है और भारी आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। उस पर करीब 80 लाख रुपये का होम लोन भी बताया जा रहा है। परिवार का आरोप है कि मीनाक्षी के नाम करीब 1 करोड़ रुपये की इंश्योरेंस पॉलिसी थी और शिवाजी अक्सर उसे धमकाता था कि अगर उसकी मौत हो जाए तो सारा कर्ज उतर जाएगा।
https://twitter.com/UttarandhraNow/status/2057752008782922124?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E2057752008782922124%7Ctwgr%5E5a0175335184ad5889508b57f79b5f15d60d7be8%7Ctwcon%5Es1_&ref_url=https%3A%2F%2Fm.dailyhunt.in%2Fnews%2Findia%2Fhindi%2Flokmatnewshindi-epaper-lokmhin%2Ftelanganameekmahilakimaut1karodkeinshyorenskeliepatiparhatyakaaaropmarapitkavidiyoaayasamane-newsid-n713350755
मामले ने उस वक्त और खौफनाक मोड़ ले लिया, जब महिला की मौत के बाद एक पुराना वीडियो सामने आया। वायरल वीडियो में कथित तौर पर शिवाजी अपनी पत्नी के हाथ बांधकर बेल्ट से बेरहमी से पीटता दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह उसके बाल खींचते और हमला करते नजर आ रहा है, जबकि महिला दर्द से चीखती सुनाई दे रही है। बैकग्राउंड में बच्चे के रोने की आवाज भी सुनाई दे रही है।
पुलिस के अनुसार, यह वीडियो पहले महिला के एक रिश्तेदार ने रिकॉर्ड किया था, लेकिन उस समय परिवार के बड़ों ने समझौता करवा दिया था, इसलिए मामला सामने नहीं आया।
जानकारी के मुताबिक, मीनाक्षी और शिवाजी की शादी को करीब 14 साल हो चुके थे और उनके दो बेटे हैं। महिला के शरीर पर मिले चोट के निशानों ने आत्महत्या की कहानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस इस एंगल से जांच कर रही है कि कहीं हत्या के बाद शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप तो नहीं दिया गया।
फिलहाल आरोपी पति शिवाजी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने संदिग्ध मौत और क्रूरता का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









