नदी में सीप खोजने उतरे 14 लोग, अचानक मचा चीख-पुकार का तांडव… 8 शव मिलने से इलाके में मातम…6 अब भी लापता

पानी के तेज बहाव ने निगल लिए कई लोग, 6 अब भी लापता; नदी किनारे पसरा सन्नाटा

भटकल। कर्नाटक के भटकल इलाके से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां नदी में सीपियां इकट्ठा करने गए लोगों पर अचानक मौत बनकर पानी टूट पड़ा। देखते ही देखते नदी में चीख-पुकार मच गई और कई लोग तेज बहाव में बह गए। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 6 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

घटना उत्तरा कन्नड़ जिले के भटकल तालुका स्थित वेंकटपुरा नदी की है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक कुल 14 लोगों का समूह नदी में सीपियां इकट्ठा करने गया था। इसी दौरान अचानक कई लोग गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना अचानक हुआ कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कुछ लोग मदद के लिए चीखते रहे, लेकिन नदी का बहाव इतना तेज था कि कई लोग देखते ही देखते पानी में गायब हो गए।

बताया जा रहा है कि मृतक शिराली के सरदाहोल इलाके के रहने वाले थे। घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलते ही भटकल ग्रामीण पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। स्थानीय गोताखोरों और बचाव दल की मदद से लापता लोगों की तलाश की जा रही है।

कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिन्हें इलाज के लिए भटकल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

फिलहाल नदी किनारे भारी भीड़ जमा है और हर किसी की नजरें रेस्क्यू टीम पर टिकी हुई हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी के आसपास न जाने की अपील की है।

Related Articles

close