‘मौत का टैंक’ बनने की कगार पर केमिकल फैक्ट्री! 40 हजार लोगों को घर छोड़ने का आदेश

जहरीली गैस और भयानक धमाके का खतरा, प्रशासन ने कहा- कभी भी हो सकती है बड़ी तबाही

नई दिल्ली। अमेरिका के कैलिफोर्निया से एक बेहद डरावनी खबर सामने आई है, जहां एक केमिकल फैक्ट्री में खराब वाल्व ने लाखों लोगों की सांसें अटका दी हैं। ऑरेंज काउंटी स्थित फैक्ट्री से मिथाइल मेथाक्रायलेट नाम के खतरनाक और तेजी से आग पकड़ने वाले केमिकल का लगातार रिसाव हो रहा है। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि प्रशासन ने करीब 40 हजार लोगों को तुरंत इलाका खाली करने का आदेश जारी कर दिया है।

अधिकारियों के मुताबिक फैक्ट्री के स्टोरेज टैंक में तकनीकी खराबी आने के बाद रिसाव को पूरी तरह रोकना लगभग नामुमकिन हो गया है। अब सबसे बड़ा डर इस बात का है कि बढ़ते तापमान और दबाव के कारण टैंक कभी भी जोरदार धमाके के साथ फट सकता है।

फायर अथॉरिटी ने साफ कहा है कि इस वक्त वे दो बेहद खतरनाक परिस्थितियों से निपटने की तैयारी कर रहे हैं। पहला खतरा टैंक के ढहने का है, जिससे हजारों गैलन जहरीला केमिकल आसपास फैल सकता है। दूसरा और सबसे भयानक खतरा यह है कि अत्यधिक गर्मी के कारण टैंक के अंदर विस्फोट हो जाए और आसपास मौजूद ईंधन व दूसरे केमिकल टैंक भी आग की चपेट में आ जाएं।

अगर ऐसा हुआ तो पूरा इलाका आग और जहरीले धुएं के भयंकर गुबार में बदल सकता है। इसी आशंका को देखते हुए बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है।

जहरीले केमिकल को पर्यावरण में फैलने से रोकने के लिए बचाव दल लगातार काम कर रहा है। नालियों, नदियों और समुद्र तक केमिकल पहुंचने से रोकने के लिए रेत की बोरियों की दीवारें बनाई जा रही हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी गंभीर चेतावनी जारी की है। उनका कहना है कि तापमान बढ़ने पर इस केमिकल से निकलने वाली जहरीली भाप हवा को बेहद खतरनाक बना सकती है। इसके संपर्क में आने वाले लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में तेज जलन, उल्टी और असहनीय सिरदर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

यह घटना लॉस एंजिल्स से करीब 38 मील दूर गॉर्डन ग्रोव इलाके की बताई जा रही है, जो मशहूर डिज़नीलैंड थीम पार्क के काफी करीब है। हालांकि अधिकारियों ने फिलहाल डिज़नीलैंड को सुरक्षित क्षेत्र में बताया है।

इस बीच प्रशासन के लिए एक नई परेशानी भी खड़ी हो गई है। बताया जा रहा है कि करीब 15 फीसदी लोगों ने घर खाली करने से इनकार कर दिया है। पुलिस और प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे अपनी जान जोखिम में न डालें और तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।

Related Articles

close