झारखंड : भैरवी नदी किनारे अवैध महुआ शराब फैक्ट्री पर पुलिस का बड़ा छापा, भारी मात्रा में शराब और जावा महुआ जब्त
Ramgarh News: Major Police Raid on Illegal Mahua Liquor Factory Along Bhairavi Riverbank; Massive Quantities of Liquor and Mahua Wash Seized

रामगढ़। रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र में अवैध महुआ शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भैरवी नदी किनारे चल रही अवैध शराब भट्ठी का भंडाफोड़ किया है। रविवार सुबह हुई छापेमारी में पुलिस ने भारी मात्रा में महुआ शराब, जावा महुआ और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान जब्त किया।
कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि चार अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
एसपी को मिली थी गुप्त सूचना
एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि रामगढ़ एसपी को सूचना मिली थी कि कामता टोला कोलहवा घुटवा स्थित भैरवी नदी किनारे बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब बनाई जा रही है।
सूचना के आधार पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और रविवार सुबह करीब 5 बजे इलाके में छापेमारी की गई।
जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, वहां मौजूद लोग भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने सिकनी निवासी 27 वर्षीय दशरथ महतो को पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी जंगल और नदी किनारे के रास्ते फरार हो गए।
गोला और आसपास के इलाकों में होती थी सप्लाई
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने खुलासा किया कि सभी लोग मिलकर लंबे समय से अवैध शराब भट्ठी संचालित कर रहे थे।
यहां तैयार होने वाली महुआ शराब को गोला और आसपास के कई इलाकों में सप्लाई किया जाता था, जिससे आरोपियों को अच्छी कमाई होती थी।
पुलिस ने जब शराब निर्माण और बिक्री से जुड़े दस्तावेज मांगे, तो आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद गोला थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
छापेमारी में क्या-क्या हुआ बरामद
पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में अवैध शराब और उपकरण जब्त किए। बरामद सामान में शामिल हैं:
- 120 लीटर महुआ देशी शराब
- 600 किलो जावा महुआ
- 5 बड़े एल्यूमिनियम तसले
- 4 नल लगे नीले रंग के जार
- एक बड़ा और एक छोटा पुराना साइकिल
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में एसडीपीओ आलोक रंजन, पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार, थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, स्वामी रंजन ओझा, कुमार प्रभात रंजन, संजय कुमार गोराई, बहादुर महतो, तहसीन अहमद, पैंथर मोबाइल दस्ता और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।









