खेलते-खेलते बाथरूम पहुंची मासूम… पानी से भरी बाल्टी बनी मौत का जाल, 1 साल की बच्ची की दर्दनाक मौत
घर में कुछ सेकंड तक नहीं दिखी बच्ची, फिर बाथरूम में मिला ऐसा मंजर कि चीख पड़े परिजन

महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के नाशिक जिले से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने हर माता-पिता को झकझोर कर रख दिया है। घर में खेल रही 1 साल की मासूम बच्ची खेलते-खेलते बाथरूम पहुंच गई, लेकिन वहां रखा पानी से भरा बाल्टी उसका आखिरी ठिकाना बन गया।
मासूम की मौत इतनी दर्दनाक थी कि परिवार के लोग अब भी सदमे में हैं।
यह हादसा नाशिक के आडगांव इलाके का है। मृत बच्ची की पहचान हिंदवी दत्तात्रय भोसले के रूप में हुई है, जिसकी उम्र महज एक साल थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे हिंदवी घर में खेल रही थी। परिवार के लोग घर के काम में व्यस्त थे और इसी दौरान बच्ची चुपचाप बाथरूम तक पहुंच गई।
बाथरूम में पानी से भरी एक बाल्टी रखी हुई थी। मासूम ने खेल-खेल में बाल्टी के अंदर झांकने की कोशिश की, लेकिन शरीर का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पानी से भरी बाल्टी में गिर गई। छोटी उम्र होने के कारण वह खुद बाहर नहीं निकल पाई।
कुछ देर तक बच्ची नजर नहीं आने पर परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। जब बाथरूम में पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर सबके होश उड़ गए। बच्ची पानी से भरी बाल्टी में उल्टी गिरी हुई थी।
पिता दत्तात्रय भोसले ने तुरंत बच्ची को बाहर निकाला और इलाज के लिए आडगांव के वसंतराव पवार मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। कुछ ही सेकंड की लापरवाही ने परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।
घटना के बाद आडगांव पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
डॉक्टरों का कहना है कि 1 से 2 साल के बच्चों का सिर शरीर के मुकाबले ज्यादा भारी होता है। ऐसे में यदि बच्चा पानी से भरी बाल्टी या टब में झांकने की कोशिश करता है, तो उसका संतुलन बिगड़ जाता है और वह आसानी से बाहर नहीं निकल पाता। यही वजह है कि घर में रखी पानी की बाल्टियां छोटे बच्चों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती हैं।
विशेषज्ञों ने माता-पिता को सलाह दी है कि बाथरूम का दरवाजा हमेशा बंद रखें, इस्तेमाल के बाद बाल्टी या टब खाली कर दें और छोटे बच्चों को कभी भी अकेला न छोड़ें। क्योंकि कई बार सिर्फ कुछ सेकंड की चूक जिंदगीभर का दर्द दे जाती है।









