मां को पीटता था इंजीनियर पति, बेटे ने खोला मोबाइल तो सामने आए खौफनाक वीडियो… अनु मीणा की मौत ने हिला दिया देश

“अगर मेरा BP लो हो जाए तो नमक का पानी पिला देना…” मरने से पहले बेटे से कही गई मां की बात अब बन गई सबसे बड़ा सबूत

जयपुर। दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा के मामलों से देश पहले ही दहल चुका था, लेकिन अब राजस्थान की राजधानी जयपुर से सामने आया अनु मीणा सुसाइड केस लोगों की रूह कंपा रहा है। पीडब्ल्यूडी में तैनात इंजीनियर अधिकारी की पत्नी अनु मीणा ने कथित तौर पर पति की प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। लेकिन इस केस का सबसे दर्दनाक और खौफनाक पहलू तब सामने आया, जब 10 साल के बेटे ने मां का मोबाइल खोला।

मोबाइल में जो वीडियो थे, उन्हें देखकर परिवार ही नहीं, पुलिस भी सन्न रह गई।

कोटपूतली के कल्याणपुरा की रहने वाली अनु मीणा की शादी 25 जुलाई 2015 को गौतम मीणा से हुई थी। परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही गौतम का असली चेहरा सामने आने लगा। वह शराब के नशे में अनु के साथ मारपीट करता, गालियां देता और मायके से पैसे लाने का दबाव बनाता था।

बताया जा रहा है कि लंबे समय तक घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना सहने के बाद अनु पूरी तरह टूट चुकी थी। 7 अप्रैल को उसने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आत्महत्या से पहले उसने अपने पति को वीडियो कॉल भी किया था।

घटना के बाद पड़ोसी मौके पर पहुंचे और CPR देकर बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

परिजनों ने एक और सनसनीखेज आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मार्च 2026 में गौतम मीणा ने घर में गैस खुली छोड़कर अनु को जिंदा मारने की कोशिश की थी। उस घटना के बाद डरी हुई अनु मायके चली गई थी, लेकिन बाद में पति उसे मनाकर वापस ले आया। परिवार को लगा था कि शायद अब सब ठीक हो जाएगा, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह बेटी की आखिरी विदाई साबित होगी।

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा खुलासा अनु के 10 साल के बेटे माहिर ने किया। मासूम बेटे ने बताया कि उसके पिता अक्सर उसकी मां को शराब पीकर पीटते थे। उसने बताया कि एक बार सिर्फ फिल्म “धुरंधर” का गाना चलाने पर गौतम इतना भड़क गया कि टीवी तोड़ दिया और अनु के साथ बेरहमी से मारपीट की।

माहिर ने बताया कि उसकी मां अक्सर डरी-सहमी रहती थी। उसने बेटे से कहा था, “अगर मेरा BP लो हो जाए तो मुझे नमक का पानी पिला देना।”

बेटे ने यह भी बताया कि एक शादी समारोह में उसके पिता ने सबके सामने उसकी मां को गालियां दीं और मारा-पीटा। ऊटी ट्रिप के दौरान भी दोनों के बीच भयानक झगड़ा हुआ था।

लेकिन असली खौफ तब सामने आया, जब बेटे ने मां का मोबाइल फोन खोला। उसे फोन का पासवर्ड पता था। मोबाइल में कई वीडियो मिले, जिनमें अनु और गौतम के बीच तीखी बहस, गाली-गलौज और मारपीट जैसी बातें रिकॉर्ड थीं। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ वीडियो खुद गौतम ने ही रिकॉर्ड किए थे।

एक वीडियो में कथित तौर पर गौतम मीणा बेटे से कहता सुनाई दे रहा है, “मैं क्या करूं, तेरी मां है ही ऐसी…”

अब पुलिस मोबाइल से मिले वीडियो, चैट्स और CCTV फुटेज की जांच कर रही है। अनु मीणा की मौत ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर घरेलू हिंसा और दहेज प्रताड़ना की ये भयावह घटनाएं कब रुकेंगी?

Related Articles

close