बीवी के ताने में फंसे भाजपा नेता, रातभर बंद करा दी बिजली! पावर हाउस में ताला जड़ते ही मच गया हड़कंप…नेता समेत 10 पर मुकदमा दर्ज…

उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में पत्नी को खुश करने की कोशिश एक भाजपा नेता पर इतनी भारी पड़ गई कि अब उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। बबुरी थाना क्षेत्र स्थित विद्युत उपकेंद्र में कथित हंगामे और बिजली आपूर्ति ठप कराने के मामले में भाजपा नेता महेंद्र सेठ उर्फ पप्पू सेठ समेत 10 लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
आरोप है कि रात करीब साढ़े 10 बजे भाजपा नेता अपने समर्थकों के साथ बिजली उपकेंद्र पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया। इसी दौरान औद्योगिक फीडर तक को जबरन बंद करा दिया गया। मामला तब और बिगड़ गया जब उपद्रवियों ने कंट्रोल रूम के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। इसके बाद कर्मचारी पूरी रात अंदर नहीं जा सके और इलाके की बिजली सप्लाई ठप हो गई।
रातभर अंधेरे में डूबे इलाके में लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर डायल 112 पुलिस को बुलाना पड़ा। अगले दिन सुबह करीब 10:40 बजे पुलिस और बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में ताला खुलवाया गया, तब जाकर बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर प्रदीप कुमार की तहरीर पर बबुरी पुलिस ने महेंद्र सेठ उर्फ पप्पू सेठ और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 121(1), 190 और 221 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
लेकिन इस पूरे घटनाक्रम का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा तब सामने आया जब ताला लगाने की वजह चर्चा में आई। बताया जा रहा है कि इलाके में लगातार बिजली कटौती से लोग नाराज थे और इसी बीच भाजपा नेता की पत्नी ने उन्हें ताना मार दिया। इसके बाद गुस्से में नेता सीधे पावर हाउस पहुंच गए और ताला जड़ दिया।
सूत्रों के मुताबिक, हंगामे के दौरान जब सांसद ने फोन कर स्थिति संभालने की कोशिश की तो भाजपा नेता ने कहा, “हमारी बीवी कह रही है कि आप क्या भाजपा के नेता हो, जब लाइन नहीं दिला पा रहे हो। इसलिए हमने ताला बंद कर दिया है और अब यहां से घर नहीं जाएंगे।”
इस बयान के सामने आते ही मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बिजली आपूर्ति बाधित करने और सरकारी काम में रुकावट डालने के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल थे।









