खून से सना घर, बिस्तर पर 4 मासूमों की लाश… मां बनी कातिल, दिल दहला देने वाली वारदात
ईंट से कुचलकर बच्चों की हत्या के बाद फरार हुई महिला, पति के रिश्ते को लेकर तनाव की आशंका

उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर से एक ऐसी खौफनाक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक मां ने ही अपने चार मासूम बच्चों को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। वारदात इतनी भयावह थी कि घर के अंदर बिस्तर पर चारों बच्चों के खून से सने शव मिले, जिसे देखकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
यह दिल दहला देने वाली घटना अकबरपुर के मीरानपुर मोहल्ले की है। जानकारी के अनुसार, महिला ने अपने ही बच्चों की ईंट से कुचलकर हत्या कर दी और इसके बाद बालकनी के रास्ते फरार हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जब घर के अंदर से कोई हलचल नहीं हुई तो शक होने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर का मंजर देखा तो हर कोई सन्न रह गया। चारों बच्चे बिस्तर पर खून से लथपथ पड़े थे।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला अपने बच्चों के साथ अकेली रहती थी। उसका पति सऊदी अरब में नौकरी करता है और वहां उसने दूसरी शादी कर ली थी। इस बात को लेकर महिला काफी समय से मानसिक तनाव में थी। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इसी कारण उसने इतना बड़ा कदम उठाया या इसके पीछे कोई और वजह भी थी।
फिलहाल पुलिस आरोपी महिला की तलाश में जुटी हुई है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर किन परिस्थितियों में एक मां इतनी क्रूर बन सकती है।









