मौत बनकर टूटा तूफान! प्रयागराज में 26 लाशें, चीखों से गूंजे गांव… यूपी में आंधी-बारिश ने मचाया हाहाकार

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में आए भयानक आंधी-तूफान और ओलावृष्टि ने ऐसा कहर बरपाया कि कई जिलों में मातम पसर गया। तेज हवाओं, बारिश और गिरते पेड़-खंभों ने देखते ही देखते दर्जनों परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। सबसे भयावह तस्वीर प्रयागराज से सामने आई है, जहां अलग-अलग इलाकों में 26 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। कई जगहों पर लोग मलबे और टीनशेड के नीचे दब गए, जबकि कुछ की जान पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से चली गई।

बताया जा रहा है कि दक्षिणी राजस्थान से आई पुरवा हवाओं ने यूपी के मौसम को अचानक खतरनाक बना दिया। कई जिलों में हवा की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा से ज्यादा पहुंच गई। तेज गर्जना और अंधेरे के बीच आए इस तूफान ने लोगों को संभलने तक का मौका नहीं दिया।

प्रयागराज में सबसे ज्यादा तबाही फूलपुर, सोरांव, मेजा और हंडिया तहसील में देखने को मिली। फूलपुर में 6 लोगों की मौत हुई, जबकि सोरांव में 7 लोगों ने जान गंवाई। मेजा में 4 और हंडिया में 8 लोगों की मौत ने पूरे इलाके को दहला दिया। सदर तहसील में भी एक व्यक्ति की मौत हुई है। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें 5 की हालत गंभीर बनी हुई है।

आंधी-तूफान का असर सिर्फ इंसानों तक सीमित नहीं रहा। तेज हवाओं और बारिश के कारण 20 पशुओं की भी मौत हो गई। कई गांवों में बिजली व्यवस्था ठप हो गई है, जबकि जगह-जगह पेड़ और खंभे गिरने से सड़कें बंद हो गईं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने तत्काल अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है। प्रशासन अब मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने की तैयारी में जुट गया है।

प्रयागराज के अलावा भदोही, मिर्जापुर, फतेहपुर, उन्नाव, बदायूं और कई अन्य जिलों में भी तूफान ने भारी तबाही मचाई है। भदोही में 18, मिर्जापुर में 15 और फतेहपुर में 10 लोगों की मौत की खबर ने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया है। मौसम विभाग ने अभी भी कई जिलों में सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है।

Related Articles

close