देवरिया में 655 करोड़ का ‘मास्टर प्लान’! सीएम योगी के बड़े ऐलान से बदलेगी तस्वीर, विपक्ष पर भी साधा सीधा निशाना
फोरलेन से लेकर मेडिकल कॉलेज तक… देवरिया में विकास की ऐसी पटकथा लिखी गई, जिसने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल बढ़ा दी

देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया में शुक्रवार को उस वक्त बड़ा राजनीतिक और विकासात्मक संदेश देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने 655.45 करोड़ रुपये की 19 बड़ी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने जहां पूर्वांचल के विकास का नया रोडमैप पेश किया, वहीं विपक्ष और माफिया राज पर भी तीखा हमला बोला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवरिया-कसया फोरलेन परियोजना पूर्वांचल को नई रफ्तार देने का काम करेगी। उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले समय में इस फोरलेन को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से भी जोड़ा जाएगा, जिससे क्षेत्र में व्यापार, परिवहन और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश से माफिया राज खत्म कर कानून व्यवस्था को मजबूत किया है। उन्होंने दावा किया कि पहले जिन क्षेत्रों में भय और अराजकता का माहौल था, वहां अब विकास और निवेश की चर्चा हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत से बन रही है।
सीएम योगी ने अधिकारियों को देवरिया मेडिकल कॉलेज और नए जिला अस्पताल के लिए जल्द जमीन चिन्हित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को गांव और गरीब तक पहुंचाने के लिए तेजी से काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं, किसानों और महिलाओं को लेकर भी बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार नौजवानों को रोजगार, किसानों को योजनाओं का लाभ और मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। इसी लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए देवरिया में 655 करोड़ रुपये से अधिक की जनकल्याणकारी परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। सीएम योगी ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और पूर्वांचल देश के सबसे तेज़ी से विकसित होने वाले क्षेत्रों में शामिल हो।









