ब्यूटीफुल दुल्हनियां, दूल्हा भी मिलेगा हैंडसम. शादी के चक्कर में लूट गए 7693 लोग…गजब है ठगी की कहानी…
रायगढ़ में नकली रिश्तों का काला कारोबार बेनकाब, कॉल सेंटर से चल रहा था करोड़ों का खेल, हर कॉल के पीछे छिपा था एक नया शिकार

रायगढ़। अगर आपको अचानक कोई कॉल आए और कहा जाए कि आपके लिए एक ‘परफेक्ट रिश्ता’ तैयार है, तो सावधान हो जाइए… क्योंकि छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से सामने आई यह कहानी बताती है कि कैसे शादी का सपना अब ठगी का सबसे खतरनाक हथियार बन चुका है।
यहां एक ऐसे साइबर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जिसने रिश्तों की आड़ में देशभर के 7,693 लोगों को अपने जाल में फंसा लिया। ‘खूबसूरत दुल्हन’ और ‘हैंडसम दूल्हे’ के नाम पर लोगों को भरोसे में लिया गया और फिर धीरे-धीरे उनकी जेब खाली कर दी गई। इस पूरे खेल में करीब 1.11 करोड़ रुपये की ठगी की गई।
पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें इस नेटवर्क के मुख्य संचालक भी शामिल हैं। लेकिन इस गिरोह की चालाकी यहीं खत्म नहीं होती…
जांच में सामने आया कि यह पूरा रैकेट एक लोक सेवा केंद्र की आड़ में चल रहा था। बाहर से यह जगह लाइसेंस और दस्तावेज बनाने का वैध केंद्र लगती थी, लेकिन अंदर कमरों में बैठकर फर्जी रिश्तों का जाल बुना जा रहा था। यूट्यूब चैनल, नकली प्रोफाइल और कॉल सेंटर के जरिए लोगों को टारगेट किया जाता था।
पहले रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर रकम ली जाती, फिर ‘मीटिंग सेट कराने’ और ‘प्रोफाइल मैचिंग’ के बहाने बार-बार पैसे ऐंठे जाते। जब तक पीड़ित को सच्चाई समझ आती, तब तक बहुत देर हो चुकी होती… और सामने वाला नंबर हमेशा के लिए गायब हो जाता।
छापेमारी के दौरान जो नजारा सामने आया, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। कई युवतियां कॉल सेंटर में बैठकर लोगों को फंसाने का काम कर रही थीं। अलग-अलग कमरों में फर्जी दस्तावेज तैयार किए जा रहे थे और वीडियो एडिटिंग के जरिए नकली पहचान बनाई जा रही थी।
गिरोह का सरगना कपिल गर्ग, जो पहले वैध काम करता था, आईडी रद्द होने के बाद इस काले खेल में उतर गया। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ऐसा नेटवर्क तैयार किया, जो पिछले कई सालों से बिना किसी डर के लोगों को ठग रहा था।
पुलिस को मौके से 55 मोबाइल फोन, 13 लैपटॉप, प्रिंटर, बैंक खाते और फर्जी मुहरों समेत कई अहम सबूत मिले हैं। शुरुआती जांच में ही सामने आया है कि यह गिरोह 2022 से सक्रिय था और अब तक करोड़ों की ठगी कर चुका है।
अब सभी आरोपी जेल में हैं, लेकिन इस खुलासे ने एक खौफनाक सच सामने ला दिया है… कि आज के दौर में भरोसा ही सबसे बड़ा खतरा बनता जा रहा है। शादी जैसे पवित्र रिश्ते के नाम पर रचा गया यह जाल बता रहा है कि अगला शिकार कोई भी हो सकता है।









