सम्राट चौधरी नये मुख्यमंत्री: नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा, सम्राट चौधरी को चुना गया नया मुख्यमंत्री, विधायक दल की बैठक में चुना गया…
Samrat Chaudhary is the New Chief Minister: Nitish Kumar Resigns; Samrat Chaudhary Elected as the New Chief Minister—Chosen During the Legislature Party Meeting.

नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है। 15 अप्रैल को शपथ ग्रहण के साथ बिहार में पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री बनेगा।
…………………………….
Samrat Choudhary New Chief Minister : बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। लंबे समय से मुख्यमंत्री पद संभाल रहे नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया है और अब वे राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे।
जानकारी के अनुसार, एनडीए की बैठक के बाद सम्राट चौधरी के नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी। उनका शपथ ग्रहण समारोह 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे लोक भवन में आयोजित होगा। इसके साथ ही बिहार में पहली बार भारतीय जनता पार्टी का मुख्यमंत्री बनने जा रहा है, जो राज्य की राजनीति में एक ऐतिहासिक मोड़ माना जा रहा है।
इस्तीफे से पहले नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी और विजय चौधरी के साथ एक ही गाड़ी में राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि अब नई सरकार राज्य का काम संभालेगी और उन्हें पूरा सहयोग मिलेगा। उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि बिहार आगे भी प्रगति करता रहेगा।
सम्राट चौधरी का राजनीतिक सफर काफी दिलचस्प रहा है। उन्होंने 1990 के दशक में अपनी सियासी पारी की शुरुआत की थी। खास बात यह है कि वे न तो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से आते हैं और न ही उन्होंने अपने करियर की शुरुआत भाजपा से की थी। इसके बावजूद उन्होंने अपनी राजनीतिक रणनीति और काम के दम पर पार्टी में मजबूत पहचान बनाई।
वे राबड़ी देवी की सरकार में सबसे युवा मंत्री रहे थे। इसके बाद जीतन राम मांझी की सरकार में भी कैबिनेट मंत्री के रूप में काम किया। हालांकि, उन्हें असली राजनीतिक पहचान भाजपा में शामिल होने के बाद मिली। महज 8 वर्षों में उन्होंने पार्टी के भीतर तेजी से उभरते हुए बड़े नेताओं को पीछे छोड़ दिया और आज मुख्यमंत्री पद तक पहुंच गए।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, सम्राट चौधरी का मुख्यमंत्री बनना बिहार की राजनीति में एक नई दिशा का संकेत है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि नई सरकार राज्य के विकास और प्रशासनिक सुधारों को किस तरह आगे बढ़ाती है।









