कुछ ही मिनटों के अंतराल में तीन देशों में महसूस हुए भूकंप के झटके… लोग घर छोड़ सड़कों पर भागे, वैज्ञानिक भी हुए सतर्क

धरती के नीचे क्या पक रहा है? पाकिस्तान, म्यांमार और चिली में कांपी जमीन, रातभर दहशत में रहे लोग

इस बीच दुनिया के कई हिस्सों में अचानक धरती कांपने से लोगों में दहशत फैल गई। पाकिस्तान और म्यांमार में मंगलवार शाम भूकंप के झटकों ने लोगों को घरों से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया, वहीं चिली में आए तेज भूकंप ने लोगों के बीच अफरा-तफरी मचा दी।

नेशनल सेंटर फॉर सिस्मॉलॉजी (NCS) के मुताबिक पाकिस्तान में मंगलवार शाम 7 बजकर 35 मिनट पर भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.9 मापी गई। बताया गया कि भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 90 किलोमीटर नीचे था। झटके महसूस होते ही कई इलाकों में लोग घबराकर घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। हालांकि शुरुआती रिपोर्ट में किसी तरह की जनहानि या बड़े नुकसान की खबर नहीं है।

पाकिस्तान के कुछ ही मिनट बाद म्यांमार में भी धरती हिल गई। यहां शाम 7 बजकर 37 मिनट पर आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.3 दर्ज की गई। इसकी गहराई भी जमीन से करीब 90 किलोमीटर नीचे बताई गई है। भूकंप के झटकों से लोग डर गए और कई जगहों पर लोग एहतियातन खुले स्थानों की ओर भागते दिखाई दिए।

इधर दक्षिण अमेरिकी देश चिली में आए तेज भूकंप ने हालात और ज्यादा भयावह बना दिए। यहां रिक्टर स्केल पर 6.9 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप दर्ज किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 20 सेकंड तक जमीन कांपती रही और इमारतें हिलने लगीं। अचानक आए इस तेज झटके से लोग दहशत में अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए।

फिलहाल तीनों देशों में बड़े नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लगातार अलग-अलग देशों में महसूस हो रहे भूकंप के झटकों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि भूकंप की गहराई ज्यादा होने के कारण नुकसान सीमित रहा, लेकिन लगातार बढ़ती भूगर्भीय हलचल पर वैज्ञानिक नजर बनाए हुए हैं।

Related Articles

close