जामताड़ा में स्टेशन मास्टर से छिनतई का बड़ा खुलासा! नाबालिग आरोपी गिरफ्तार, हथियार और लूट का सामान बरामद, गिरोह की परतें खुलीं
Major Breakthrough in Jamtara Station Master Robbery Case! Juvenile Accused Arrested; Weapons and Stolen Goods Recovered as Gang's Operations Are Unraveled.

जामताड़ा में 4 मई को स्टेशन मास्टर से हुई छिनतई के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में शामिल एक नाबालिग आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से देशी पिस्तौल, जिंदा कारतूस, बाइक, मोबाइल फोन और लूटा गया सामान बरामद किया गया है।
स्टेशन मास्टर से कब्रिस्तान के पास हुई थी लूट की वारदात
एसपी शंभू कुमार सिंह ने जानकारी दी कि 4 मई को जामताड़ा थाना क्षेत्र के ठोकीपाड़ा कब्रिस्तान के पास काश्तीआंड हॉल्ट के स्टेशन मास्टर मोहम्मद इरफान अंसारी से छिनतई की घटना को अंजाम दिया गया था।घटना के बाद पुलिस ने गंभीरता से मामले की जांच शुरू की और एसआईटी का गठन किया गया।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी, एक आरोपी दबोचा गया
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि इस घटना में शामिल अपराधी शहरडाल गांव में एक नई वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही एसआईटी ने छापेमारी की।पुलिस को देखते ही कुछ आरोपी फरार हो गए, लेकिन एक नाबालिग आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हथियार, दो स्मार्टफोन, एक अपाचे बाइक और लूटे गए सामान बरामद किए।
पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा आरोपी
पुलिस के अनुसार पकड़ा गया नाबालिग पहले भी कई गंभीर अपराधों में शामिल रहा है। वह मिहिजाम गोलीकांड सहित कई लूट और छिनतई मामलों में सक्रिय था और पूर्व में जेल भी जा चुका है।जमानत पर बाहर आने के बाद वह फिर से आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया।
गिरोह के अन्य वारदातों की भी जांच जारी
जांच में यह भी सामने आया है कि इसी गिरोह ने कुछ दिन पहले चितरंजन नॉर्थ इलाके में एक महिला से मोबाइल, पर्स और चेन छीनने की घटना को भी अंजाम दिया था।
एसआईटी की सक्रियता से मिली सफलता, बाकी आरोपियों की तलाश जारी
इस पूरी कार्रवाई में मिहिजाम थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारियों की टीम शामिल रही।पुलिस ने बताया कि गिरोह के बाकी फरार सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की संभावना है।









