गुटखा-तंबाकू बेचने वाले सावधान…झारखंड में इस दिन से शुरू हो रही है सबसे बड़ी छापेमारी

Sellers of Gutkha and Tobacco, Beware... The Largest-Ever Raid Operation Begins in Jharkhand on This Day.

रांची। झारखंड में गुटखा और तंबाकू के बढ़ते इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए राज्य सरकार अब बड़ा अभियान चलाने जा रही है। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर 26 मई से 26 जून तक पूरे राज्य में एक माह का विशेष जागरूकता और छापेमारी अभियान संचालित किया जाएगा। इस दौरान तंबाकू और निकोटिन उत्पादों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई के साथ लोगों को स्वास्थ्य संबंधी खतरों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

WHO की थीम पर आधारित होगा अभियान

इस वर्ष World Health Organization की ओर से ‘तंबाकू और निकोटीन की लत से लड़ने की अपील को सामने लाएं’ थीम निर्धारित की गई है। इसी थीम को आधार बनाकर झारखंड के सभी जिलों में जनजागरूकता कार्यक्रम, सामुदायिक गतिविधियां और विशेष जांच अभियान चलाए जाएंगे।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान, झारखंड के निदेशक Shashi Prakash Jha ने सभी उपायुक्तों, सिविल सर्जनों और संबंधित अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

चौक-चौराहों से स्कूलों तक चलेगा अभियान

अभियान के पहले चरण में 26 मई से 30 मई तक चौक-चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर, बैनर और होर्डिंग लगाए जाएंगे। लोगों को कोटपा एक्ट और झारखंड तंबाकू संशोधन अधिनियम 2021 की जानकारी दी जाएगी।

सरकारी भवनों में ‘नो स्मोकिंग जोन’ बोर्ड लगाए जाएंगे, जबकि स्कूलों के आसपास तंबाकू बिक्री रोकने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा।

31 मई को दिलाई जाएगी तंबाकू मुक्त जीवन की शपथ

विश्व तंबाकू निषेध दिवस यानी 31 मई को राज्यभर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। सरकारी कार्यालयों, पुलिस थानों और स्वास्थ्य केंद्रों में अधिकारियों-कर्मचारियों को तंबाकू सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई जाएगी।

इसके साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों में कैंसर, हृदय रोग और मधुमेह जैसी बीमारियों की विशेष जांच भी कराई जाएगी।

गांवों और स्कूलों पर रहेगा खास फोकस

2 जून से 6 जून तक जिला और प्रखंड स्तर पर तंबाकू नियंत्रण समितियों की बैठकें होंगी। वहीं 10 जून से 17 जून तक ग्रामीण इलाकों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें पंचायत प्रतिनिधियों और वार्ड सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

18 जून से 26 जून तक ‘तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान अभियान’ चलाया जाएगा। स्कूलों और कॉलेजों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू बिक्री रोकने के लिए पीली रेखा का चिन्हांकन किया जाएगा।

योग दिवस पर भी दिया जाएगा नशा छोड़ने का संदेश

21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर भी लोगों को धूम्रपान और तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य खासतौर पर बच्चों और युवाओं को तंबाकू और निकोटिन की लत से दूर रखना है।

Related Articles

close