झारखंड में शुरू होगा बड़ा वोटर वेरिफिकेशन अभियान, घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ
Major Voter Verification Drive to Begin in Jharkhand; BLOs to Conduct Door-to-Door Visits

झारखंड में मतदाता सूची को पूरी तरह अपडेट और त्रुटिरहित बनाने के लिए चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान यानी एसआईआर शुरू करने का फैसला लिया है। यह अभियान 20 जून 2026 से पूरे राज्य में शुरू होगा। इसके तहत बूथ लेवल ऑफिसर यानी बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे।
रांची स्थित निर्वाचन सदन में आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम और प्रेस वार्ता के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहे।
घर-घर पहुंचकर होगा मतदाताओं का सत्यापन
निर्वाचन विभाग के अनुसार बीएलओ संबंधित मतदान केंद्र क्षेत्रों में जाकर प्रत्येक मतदाता का सत्यापन करेंगे। जिन लोगों से संपर्क नहीं हो पाएगा, उनके लिए विशेष कैंप भी लगाए जाएंगे ताकि कोई पात्र मतदाता छूट न जाए।
अधिकारियों ने साफ किया कि बिना सुनवाई किसी भी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी पर भरोसा न करें और पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करें।
5 अगस्त को जारी होगी प्रारूप मतदाता सूची
निर्वाचन आयोग की ओर से तय कार्यक्रम के अनुसार 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद दावा और आपत्तियों की प्रक्रिया शुरू होगी, जो 4 सितंबर तक चलेगी।
दावों और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 3 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इस अभियान के लिए 1 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित किया गया है।
जानिए पूरा कार्यक्रम, कब क्या होगा
एसआईआर अभियान का शेड्यूल
- 20 जून से 29 जून: तैयारी, प्रशिक्षण और मुद्रण कार्य
- 30 जून से 29 जुलाई: बीएलओ द्वारा घर-घर सत्यापन
- 5 अगस्त: प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन
- 5 अगस्त से 4 सितंबर: दावा और आपत्तियां
- 3 अक्टूबर तक: दावों और आपत्तियों का निस्तारण
- 7 अक्टूबर: अंतिम मतदाता सूची जारी
मतदाताओं के लिए चुनाव आयोग की खास अपील
निर्वाचन विभाग ने लोगों से कहा है कि सत्यापन के दौरान बीएलओ को सही जानकारी दें और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराएं। आयोग का कहना है कि इस अभियान का मकसद एक पारदर्शी, समावेशी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है।
मतदाताओं के लिए जरूरी बातें
- बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे
- संपर्क नहीं होने पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे
- बिना सुनवाई नाम नहीं हटाया जाएगा
- केवल पात्र भारतीय नागरिकों को सूची में शामिल किया जाएगा
- अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचने की सलाह दी गई है









