केरल में किसके सिर सजेगा सत्ता का ताज? 11 बजे खुलेगा सबसे बड़ा सस्पेंस, IUML ने भी रोक रखी है अपनी चाल

कांग्रेस आलाकमान की मैराथन बैठक के बाद कल होगा ऐलान, सीएम की कुर्सी के लिए कई बड़े चेहरे रेस में

केरल की राजनीति में सत्ता का सबसे बड़ा सस्पेंस अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है। कांग्रेस नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) की ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे राज्य की नजर अब सिर्फ एक सवाल पर टिकी है — आखिर मुख्यमंत्री कौन बनेगा?

दिल्ली में बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बीच हुई अहम बैठक ने राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया। करीब आधे घंटे चली इस बंद कमरे की चर्चा में सरकार गठन से लेकर मुख्यमंत्री पद के सबसे मजबूत दावेदारों तक पर मंथन हुआ। इसके बाद साफ संकेत मिल गए कि अब फैसला पूरी तरह तैयार है और गुरुवार सुबह 11 बजे इसका आधिकारिक ऐलान कर दिया जाएगा।

तिरुवनंतपुरम में गुरुवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। खास बात यह है कि विधायक दल पहले ही प्रस्ताव पास कर चुका है, जिसमें नेता चुनने का अधिकार कांग्रेस अध्यक्ष को सौंप दिया गया था। यानी अब जो नाम दिल्ली से आएगा, वही केरल का नया मुख्यमंत्री होगा।

इस बीच मुख्यमंत्री पद की दौड़ ने सियासी गलियारों में बेचैनी बढ़ा दी है। सूत्रों के मुताबिक संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष वी.डी. सतीशन और वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। हालांकि कांग्रेस अब तक किसी भी नाम पर खुलकर सामने नहीं आई है, जिससे suspense और गहरा गया है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी संकेत दे दिए हैं कि आलाकमान अपनी चर्चा पूरी कर चुका है और अब सिर्फ औपचारिक घोषणा बाकी है। उन्होंने कहा कि विधायक दल ने नेतृत्व चयन का अधिकार पार्टी हाईकमान को दिया था और फैसला गुरुवार को सार्वजनिक कर दिया जाएगा।

उधर, मुख्यमंत्री पद के ऐलान से पहले कांग्रेस की सहयोगी पार्टी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) ने भी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। पनक्कड़ स्थित IUML प्रमुख सादिक अली शिहाब थंगल के आवास पर हुई अहम बैठक के बाद पार्टी नेता पी.के. कुन्हालीकुट्टी ने साफ कहा कि कांग्रेस के अंतिम फैसले के बाद ही IUML अपना रुख तय करेगी।

अब सबकी निगाहें गुरुवार सुबह 11 बजे पर टिक गई हैं, जब यह साफ होगा कि केरल की सत्ता की चाबी आखिर किस नेता के हाथ में जाएगी और कौन बनेगा UDF सरकार का नया चेहरा।

Related Articles

close