NEET पेपर लीक का जाल कितना बड़ा? नासिक से पकड़ा गया शुभम खैरनार दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर, जांच एजेंसियों को कई राज्यों में फैले नेटवर्क का शक

मुंबई कोर्ट से आरोपी दिल्ली रवाना, CBI अब खोलेगी सबसे बड़ा राज

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में अब जांच उस मोड़ पर पहुंच गई है, जहां हर नए खुलासे के साथ देशभर में हड़कंप मचता जा रहा है। महाराष्ट्र के नासिक से गिरफ्तार आरोपी शुभम खैरनार को मुंबई की किला कोर्ट ने दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर CBI को सौंप दिया है। अब केंद्रीय जांच एजेंसी उसे दिल्ली ले जाकर पूछताछ करेगी, जहां पेपर लीक के सबसे बड़े नेटवर्क से जुड़े राज खुल सकते हैं।

CBI ने कोर्ट में दावा किया कि यह सिर्फ एक आरोपी का मामला नहीं है, बल्कि इसके पीछे कई राज्यों तक फैला संगठित गिरोह सक्रिय हो सकता है। एजेंसी का कहना है कि शुभम खैरनार से पूछताछ बेहद जरूरी है, ताकि उन लोगों तक पहुंचा जा सके जिन्होंने परीक्षा की गोपनीयता को तोड़कर लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया।

गुरुवार 14 मई को शुभम खैरनार को दिल्ली की CBI कोर्ट में पेश किया जाएगा। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि पेपर लीक का नेटवर्क किन राज्यों तक फैला था, इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे और परीक्षा से पहले सवाल आखिर अभ्यर्थियों तक कैसे पहुंचे।

इस बीच मामले में एक और बड़ी गिरफ्तारी ने जांच को और गंभीर बना दिया है। पुणे के बिबवेवाड़ी इलाके से एक महिला आरोपी को भी हिरासत में लिया गया है। पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार के मुताबिक महिला फिलहाल CBI की कस्टडी में है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि उसके जरिए नेटवर्क की कई अहम कड़ियां सामने आ सकती हैं।

पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के बाद देशभर में छात्रों का गुस्सा भी फूट पड़ा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, केरल समेत कई राज्यों में NSUI और SFI जैसे छात्र संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं। छात्रों का आरोप है कि मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों के साथ बड़ा अन्याय हुआ है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

उधर, राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) की जांच में भी बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसी के अनुसार, NEET-UG 2026 के सवालों से मिलता-जुलता एक गेस पेपर सबसे पहले केरल के एक छात्र से राजस्थान के सीकर पहुंचे छात्रों तक पहुंचा था। इसके बाद यह दस्तावेज कोचिंग हब सीकर में तेजी से फैला और परीक्षा से ठीक पहले जयपुर व आसपास के इलाकों तक पहुंच गया।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह सिर्फ गेस पेपर था या फिर असली पेपर लीक का हिस्सा? इसी सवाल का जवाब तलाशने के लिए CBI अब पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने की तैयारी में जुटी है।

Related Articles

close