दूध पर महंगाई का बड़ा वार! अमूल के बाद मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दाम, कल सुबह से जेब पर पड़ेगा सीधा असर

रसोई का बजट फिर बिगड़ा, 14 मई से हर लीटर दूध 2 रुपये महंगा; अब दूसरी डेयरी कंपनियां भी बढ़ा सकती हैं कीमतें

देशभर में बढ़ती महंगाई के बीच अब आम आदमी की सबसे जरूरी जरूरतों में शामिल दूध भी महंगा हो गया है। अमूल के बाद मदर डेयरी ने भी दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। नई कीमतें 14 मई यानी गुरुवार से लागू होंगी, जिसके बाद हर घर का मासिक बजट फिर से बिगड़ सकता है।

देश की दो सबसे बड़ी डेयरी कंपनियों के इस फैसले ने साफ संकेत दे दिए हैं कि आने वाले दिनों में क्षेत्रीय डेयरी कंपनियां भी दाम बढ़ा सकती हैं। ऐसे में दूध से लेकर चाय, कॉफी और मिठाइयों तक सब कुछ महंगा होने की आशंका बढ़ गई है।

अमूल का संचालन करने वाले गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (GCMMF) ने कहा कि पूरे भारत में दूध के अलग-अलग पैक पर 2 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है। वहीं मदर डेयरी ने भी अपने सभी प्रमुख दूध उत्पादों की कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया है।

कंपनियों का कहना है कि पशु आहार, पैकेजिंग सामग्री और ईंधन की लागत में भारी बढ़ोतरी के कारण यह कदम उठाना पड़ा। इसके अलावा किसानों को दिए जाने वाले खरीद मूल्य में भी इजाफा किया गया है। अमूल के मुताबिक सदस्य यूनियनों ने किसानों के लिए खरीद मूल्य में 30 रुपये प्रति किलोग्राम फैट की बढ़ोतरी की है।

मदर डेयरी ने कहा कि पिछले एक साल में किसानों से दूध खरीदने की लागत करीब 6 प्रतिशत तक बढ़ी है। कंपनी का दावा है कि उपभोक्ताओं पर कम से कम असर पड़े, इसके लिए काफी समय तक कीमतें नहीं बढ़ाई गईं, लेकिन अब बदलाव जरूरी हो गया था।

नई दरों के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में अमूल के 500 मिली पैक वाले ‘ताजा’ दूध की कीमत 30 रुपये, ‘गाय के दूध’ की 31 रुपये और ‘गोल्ड’ की 36 रुपये हो जाएगी। वहीं भैंस के दूध की कीमत में सबसे बड़ा उछाल आया है और यह अब 80 रुपये प्रति लीटर बिकेगा।

उधर मदर डेयरी ने टोन्ड दूध की कीमत 58 रुपये प्रति लीटर, फुल क्रीम दूध की 72 रुपये प्रति लीटर और गाय के दूध की कीमत 62 रुपये प्रति लीटर कर दी है। डबल टोन्ड दूध अब 54 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और बढ़ती ईंधन लागत का असर अब रोजमर्रा की चीजों पर साफ दिखाई देने लगा है। अप्रैल में खाद्य महंगाई पहले ही 4 प्रतिशत के पार पहुंच चुकी है और अब दूध की कीमतों में बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

देश में हर दिन करोड़ों लीटर दूध बेचने वाली अमूल और मदर डेयरी का यह फैसला सीधे तौर पर करोड़ों परिवारों की रसोई पर असर डालने वाला माना जा रहा है।

Related Articles

close