बंगाल चुनाव में जबरदस्त हिंसा: सुवेंदु सरकार को दौड़ा-दौड़ाकर मारा, टीएमसी-भाजपा कार्यकर्ताओं में भिड़ंत, हुमायूं कबीर की कार पर हमला…

Rampant Violence in Bengal Elections: Suvendu's Security Detail Chased Down and Brutally Beaten; Clashes Erupt Between TMC and BJP Workers; Humayun Kabir's Car Attacked...

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण में 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान जारी है। चुनाव के दौरान जगह-जगह हिंसा की खबर है। हालांकि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं, बावजूद कई जिलों में हिंसा, झड़प और तोड़फोड़ की घटनाओं ने माहौल तनावपूर्ण बना दिया है।

________________________________________

कोलकाता। हिंसा के बीच बंगाल में विधानसभा के चुनाव की वोटिंग जारी है। पहले चरण में आज राज्य के 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान हो रहा है। इस दौरान कई इलाकों से हिंसा और झड़प की खबरें सामने आने से चुनावी माहौल तनावपूर्ण हो गया है। पहले चरण में कुल 1,478 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। करीब 3 करोड़ 60 लाख मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे। मतदान के लिए 44,000 से अधिक बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 44,376 मुख्य बूथ और लगभग 3,000 सहायक बूथ शामिल हैं।

 

इनमें से 7,384 बूथों को अत्यधिक संवेदनशील घोषित किया गया है। चुनाव आयोग ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं, वहीं 5,444 बूथों का संचालन महिला कर्मियों द्वारा किया जा रहा है और 207 मॉडल बूथ भी स्थापित किए गए हैं।मुख्य मुकाबला सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच माना जा रहा है। हालांकि मतदान के बीच कई जगहों पर हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं।

 

इन जगहों पर हुई हिंसा

मुर्शिदाबाद जिले के नौदा क्षेत्र में AJUP प्रमुख और रेजीनगर से उम्मीदवार हुमायूं कबीर के काफिले पर हमला किया गया। उपद्रवियों ने उनकी गाड़ी पर ईंट और लाठियों से हमला किया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान TMC और AJUP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। घटना के बाद हुमायूं कबीर ने पुलिस अधिकारियों के साथ तीखी बहस की और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।

 

सुवेंदु सरकार को दौड़ा-दौड़ाकर मारा

दक्षिण दिनाजपुर के कुमारगंज विधानसभा क्षेत्र से भी हिंसा की खबर आई है, जहां भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु सरकार पर कथित रूप से TMC समर्थकों ने हमला कर दिया। बताया गया कि बूथ जैमिंग की सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे, तो उन पर लाठियों और घूंसे से हमला किया गया। सुवेंदु सरकार ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में उनके साथ मारपीट की गई।

 

मालदा में भी हुई हिंसा

मालदा जिले के मोथाबाड़ी क्षेत्र में एक मतदान केंद्र पर EVM में खराबी आने के बाद मतदाताओं का गुस्सा भड़क उठा। चुनाव अधिकारियों के देर से पहुंचने पर लोगों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की की। वहीं हरिश्चंद्रपुर क्षेत्र में TMC के दो गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक चुनावी कैंप ऑफिस में तोड़फोड़ कर दी गई। इस मामले में पार्टी के अंदरूनी मतभेद भी खुलकर सामने आए हैं।

 

टीएमसी-भाजपा में भिड़ंत

सिलीगुड़ी के एक मतदान केंद्र पर भी TMC और BJP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई, जिसे केंद्रीय सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया। सुरक्षा बलों की तत्परता से स्थिति को संभाल लिया गया और मतदान प्रक्रिया दोबारा शुरू कराई गई।इसी बीच, आसनसोल उत्तर सीट से TMC प्रत्याशी मलय घटक ने आरोप लगाया है कि बाहरी राज्यों से विशेष ट्रेनों और बसों के जरिए लोगों को लाकर वोटिंग को प्रभावित करने की कोशिश की गई है। उन्होंने इस मामले की शिकायत चुनाव आयोग से की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close