महिला सिपाही की मौत: सुबह मायके से ससुराल पहुंची लेडी कांस्टेबल, शाम में सिपाही की आयी मौत की खबर, चार महीने की गर्भवती भी थी…

महिला सिपाही की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है। मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Lady Constable death। सुबह मायके से ससुराल आयी महिला सिपाही ने आत्महत्या कर ली। घटना को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं, वहीं मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाकर सनसनी फैला दिया है। मामला बिहार के बेतिया जिले के सहोदरा थाना क्षेत्र के सुपौली गांव की है। महिला सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

मृतका संकेशी कुमारी पटना जिला बल में तैनात थी। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है, वहीं परिजनों ने इस मामले को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, संकेशी कुमारी ने 7 मार्च 2025 को प्रेम विवाह किया था और शादी के बाद वह अपने ससुराल में रह रही थीं।

21 अप्रैल 2026 को वह अपनी छोटी बहन की शादी में शामिल होने मायके आई थीं। घर में शादी की खुशियां थीं, लेकिन अगले ही दिन सुबह माहौल अचानक बदल गया।परिजनों के मुताबिक, 22 अप्रैल की सुबह करीब 7 बजे मृतका के पति सुजीत कुमार मायके पहुंचे और किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के बाद वह संकेशी को जबरन अपने साथ ससुराल ले गए। इस घटना से परिवार के लोग पहले ही चिंतित हो गए थे, लेकिन उन्हें यह अंदेशा नहीं था कि आगे इतनी बड़ी घटना घट जाएगी।

बताया जा रहा है कि उसी दिन शाम करीब 7 बजे परिजनों को सूचना मिली कि संकेशी कुमारी ने आत्महत्या कर ली है। यह खबर सुनते ही परिवार के लोग तुरंत सुपौली गांव स्थित ससुराल पहुंचे। वहां पहुंचकर जो स्थिति उन्होंने देखी, उससे उनका शक और गहरा गया।

 

मायके पक्ष का आरोप है कि संकेशी का शव जमीन पर पड़ा हुआ था और उसके गले पर दबाव के निशान दिखाई दे रहे थे। परिजनों का कहना है कि यह मामला आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का है और ससुराल वालों ने इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की है।परिवार ने यह भी बताया कि संकेशी कुमारी चार महीने की गर्भवती थीं और अपने आने वाले बच्चे को लेकर बेहद खुश थीं।

ऐसे में उनके आत्महत्या करने की संभावना को परिवार सिरे से खारिज कर रहा है। इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है और न्याय की मांग कर रहा है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति सुजीत कुमार को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

वहीं, ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close