एक्शन में CM हेमंत सोरेन : तमिलनाडु में बंधक बनाए गए झारखंडी मजदूरों को छुड़ाने का आदेश, जल्द होगी सुरक्षित वापसी
काम के नाम पर ले जाकर बंधक बनाने का आरोप

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा से काम की तलाश में तमिलनाडु गए सैकड़ों मजदूरों को एक सूत और कपड़ा कंपनी में बंधक बनाए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन पर उत्पीड़न और मारपीट के आरोप लगाए हैं।
बाहर निकलने पर रोक और मारपीट के आरोप
पीड़ित मजदूरों का कहना है कि उन्हें काम दिलाने के नाम पर तमिलनाडु ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उन्हें बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। साथ ही पर्याप्त भोजन न देने और शारीरिक उत्पीड़न की भी शिकायत की गई है।
वीडियो भेजकर परिजनों को दी जानकारी
मजदूरों ने किसी तरह वीडियो बनाकर अपने परिजनों को भेजा, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद परिजनों ने प्रशासन और सरकार से मदद की गुहार लगाई।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लिया संज्ञान
मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तुरंत संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मजदूरों तक तत्काल मदद पहुंचाई जाए और उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाए।
प्रशासन और राज्य सरकारों के बीच समन्वय
झारखंड प्रशासन ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साथ ही तमिलनाडु सरकार से भी संपर्क किया गया है ताकि मजदूरों को सुरक्षित वहां से निकाला जा सके।
मजदूरों की सुरक्षित वापसी पर फोकस
सरकार की ओर से कहा गया है कि सभी प्रभावित मजदूरों की सुरक्षित वापसी और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्राथमिकता उन्हें सुरक्षित घर वापस लाना है।









