झारखंड- बारिश की चेतावनी: मौसम की मनमानी जारी, लू और भीषण गरमी के बीच अब बारिश का अलर्ट, अगले 24 घंटे में बदलेगा मिजाज

झारखंड में भीषण गर्मी के बीच मौसम राहत देने वाला है। 24 अप्रैल से राज्य के कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।

Jharkhand Weather Update । झारखंड में मौसम का तांडव जारी है। तेज धूप ने जीना मुहाल कर दिया है। वहीं, लू की वजह से दिन में घरों से निकला दूभर हो गया है। मौसम के इस हाईवोल्टेज अंदाज के बीच बड़ी चेतावनी जारी हुई है। अगले कुछ घंटों में झारखंड का मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि 24 अप्रैल से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

अगले कुछ दिनों तक झारखंड के विभिन्न जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। इधर, मौसम विभाग के अनुसार, 24 अप्रैल से राज्य के पूर्वी हिस्सों में मौसम करवट लेना शुरू कर देगा। इस दौरान आसमान में आंशिक बादल छाने लगेंगे और कई स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।

खासकर देवघर, दुमका, गिरिडीह, साहिबगंज और पाकुड़ जैसे जिलों में मौसम का मिजाज बदलता नजर आएगा।विभाग ने बताया कि 24 से 28 अप्रैल के बीच राज्य के 10 से अधिक जिलों में बारिश की संभावना है। इनमें रांची, पलामू, धनबाद और जमशेदपुर जैसे प्रमुख जिले शामिल हैं। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी देखने को मिल सकती है।

इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका जताई गई है। इसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है।25 और 26 अप्रैल को मौसम में यह बदलाव और अधिक व्यापक हो सकता है। इस दौरान उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी और मध्य झारखंड के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।

तेज हवाओं के साथ वज्रपात की संभावना भी बनी रहेगी। हवा की गति 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।मौसम विभाग ने विशेष रूप से बोकारो, धनबाद, जामताड़ा और दुमका जिलों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

इन क्षेत्रों में वज्रपात और तेज हवाओं का खतरा अधिक हो सकता है। लोगों से अपील की गई है कि वे खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।27 और 28 अप्रैल को भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। इन दिनों आंशिक बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।

हालांकि इस दौरान किसी बड़े खतरे की चेतावनी जारी नहीं की गई है।मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। साथ ही वज्रपात के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने या खुले मैदान में रहने से बचने की चेतावनी भी दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close