झारखंड : जेपीएससी परीक्षा गड़बड़ी पर राजभवन सख्त…राज्यपाल ने जांच और कार्रवाई के दिए निर्देश
Jharkhand: Raj Bhavan Takes Strict Stance on JPSC Exam Irregularities... Governor Directs Investigation and Action

झारखंड में जेपीएससी परीक्षाओं को लेकर उठ रहे सवालों पर अब राजभवन ने सख्त रुख अपनाया है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने परीक्षा प्रक्रिया में सामने आ रही गड़बड़ियों पर गहरी नाराजगी जताई है और तत्काल जांच के निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को भी कहा गया है।
परीक्षा प्रश्न पत्र और आंसर की में गंभीर खामियों के आरोप
राजभवन सचिवालय द्वारा जेपीएससी अध्यक्ष को भेजे गए पत्र में सहायक वन संरक्षक (ACF) मुख्य परीक्षा और सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के प्रश्न पत्रों में गंभीर त्रुटियों का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा प्रारंभिक उत्तर कुंजी में भी कई गलत उत्तर पाए जाने की शिकायतें अभ्यर्थियों द्वारा बड़ी संख्या में दर्ज कराई गई हैं।
अभ्यर्थियों में भ्रम, परीक्षा की विश्वसनीयता पर सवाल
इन गड़बड़ियों के चलते परीक्षार्थियों में भारी भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। राज्यपाल ने कहा कि ऐसी लापरवाहियां न केवल छात्रों को प्रभावित करती हैं, बल्कि जेपीएससी की विश्वसनीयता और परीक्षा की निष्पक्षता पर भी गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
गहन जांच और जवाबदेही तय करने के निर्देश
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जाए और यह तय किया जाए कि इन त्रुटियों के लिए कौन जिम्मेदार है। उन्होंने दोषी व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
भविष्य में सुधार के निर्देश, पारदर्शिता पर जोर
राजभवन सचिवालय ने आयोग को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करने की सलाह भी दी है ताकि भविष्य में ऐसी गलतियों की पुनरावृत्ति न हो। राज्यपाल ने उम्मीद जताई है कि जेपीएससी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ परीक्षाओं का संचालन करेगा, जिससे अभ्यर्थियों का विश्वास प्रणाली पर बना रहे।









