रांची में कल से जनगणना का शंखनाद….घर बैठे खुद भी दर्ज कर सकेंगे अपनी जानकारी, जानें प्रगणक के आने का पूरा शेड्यूल

Census Kicks Off in Ranchi Tomorrow: Record Your Details from the Comfort of Your Home—Check the Complete Schedule for Enumerator Visits

रांची जिले में जनगणना 2027 के पहले चरण की शुरुआत 1 मई 2026 से होने जा रही है। प्रशासन ने इस बड़े अभियान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पहले चरण में मकानों का सूचीकरण और गणना तय समयसीमा के भीतर पूरी की जाएगी। उपायुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा निर्देश देते हुए कार्य में किसी तरह की लापरवाही न बरतने को कहा है।

4232 कर्मियों की बड़ी टीम मैदान में, हर स्तर पर तैयारी पूरी

इस व्यापक जनगणना अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में कुल 4232 अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इनमें 4134 प्रगणक और पर्यवेक्षक शामिल हैं। टीम में 1727 महिला और 2407 पुरुष कर्मी शामिल हैं, जिन्हें पहले ही प्रशिक्षित किया जा चुका है। प्रशासन का दावा है कि हर स्तर पर तैयारी पूरी है और कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जाएगा।

दो चरणों में होगी पूरी प्रक्रिया, पहले खुद दर्ज करें जानकारी

जनगणना के पहले चरण को दो हिस्सों में बांटा गया है।
1 मई से 15 मई 2026 तक नागरिकों को स्व गणना की सुविधा मिलेगी, जिसमें वे खुद अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणक घर घर जाकर मकानों का सत्यापन और विवरण एकत्र करेंगे।

घर बैठे भरें डिटेल, ऑनलाइन सुविधा से बढ़ी आसानी

नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन स्व गणना का विकल्प भी दिया गया है। इच्छुक लोग आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद मिलने वाला SE-ID सुरक्षित रखना जरूरी होगा, जिसे प्रगणक के आने पर दिखाना होगा। हालांकि यह सुविधा वैकल्पिक है, अनिवार्य नहीं।

हर घर तक पहुंचेगा डेटा कलेक्शन, कोई भी छूटेगा नहीं

16 मई से शुरू होने वाले दूसरे चरण में प्रगणक हर घर का दौरा करेंगे। इस दौरान मकान की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं और परिवार से जुड़ी जरूरी जानकारियां दर्ज की जाएंगी, ताकि आंकड़े पूरी तरह सटीक और विश्वसनीय बन सकें।

आपकी जानकारी पूरी तरह सुरक्षित, कानून देता है गारंटी

प्रशासन ने साफ किया है कि जनगणना के दौरान ली गई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रहेंगी। जनगणना अधिनियम 1948 के तहत व्यक्तिगत जानकारी किसी भी अन्य उद्देश्य के लिए इस्तेमाल नहीं की जाएगी। केवल समग्र आंकड़े ही सार्वजनिक किए जाएंगे।

सवाल या समस्या हो तो यहां मिलेगी तुरंत मदद

जनगणना से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 जारी किया गया है। नागरिक इस नंबर पर संपर्क कर अपनी समस्याओं का समाधान पा सकते हैं।

जनता से सहयोग की अपील, विकास की नींव बनें सही आंकड़े

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और सही जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि सटीक आंकड़े ही भविष्य की योजनाओं और विकास की मजबूत नींव तय करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close