दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री का शोक संदेश, मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को सहायता राशि देने की घोषणा
बरगी डैम में मौत का मंजर! आंधी में पलटा क्रूज, कई जिंदगियां लील गया हादसा—पीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

नई दिल्ली/जबलपुर।
मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। तेज आंधी-तूफान के बीच पर्यटकों से भरा एक क्रूज अचानक पलट गया, जिससे कई लोगों की जान चली गई, जबकि कई अब भी लापता हैं।
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी संदेश में कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद कर रहा है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम अचानक आए तेज आंधी-तूफान के दौरान यह हादसा हुआ। क्रूज में करीब 40 से 45 लोग सवार थे और यह किनारे से लगभग 300 मीटर दूर था, तभी संतुलन बिगड़ने से नाव पलट गई।
राहत-बचाव जारी, कई अब भी लापता
शुक्रवार सुबह तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 24 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि, 9 से ज्यादा लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
हरसंभव मदद का भरोसा
प्रशासन की ओर से बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।









