मां, मेरा जीवन नरक हो गया है…मौत से पहले ट्विशा ने मां को भेजे थे डर से भरे मैसेज…लीक WhatsApp चैट ने खोले रोंगटे खड़े कर देने वाले राज
“मां, मेरा जीवन नरक हो गया है…” पूर्व मिस पुणे की संदिग्ध मौत से पहले की बातचीत ने बढ़ाए हत्या के शक

Twisha Sharma की संदिग्ध मौत अब एक बड़े रहस्य में बदलती जा रही है। कंटेंट क्रिएटर और पूर्व मिस पुणे ट्विशा शर्मा की मौत से पहले अपनी मां के साथ हुई WhatsApp चैट सामने आने के बाद पूरे मामले ने बेहद डरावना मोड़ ले लिया है। इन चैट्स में ट्विशा की बेबसी, डर और मानसिक पीड़ा साफ दिखाई दे रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 31 वर्षीय ट्विशा 12 मई की रात Bhopal के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में संदिग्ध हालत में फंदे से लटकी मिली थीं। उन्होंने दिसंबर 2025 में भोपाल के वकील समर्थ सिंह से शादी की थी। शादी को अभी कुछ ही महीने हुए थे कि उनके रिश्ते में तनाव और प्रताड़ना के आरोप सामने आने लगे।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी बताई गई, लेकिन ट्विशा के परिवार ने शरीर पर कई चोटों के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिवार का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या हो सकती है।
अब सामने आई WhatsApp चैट ने इस केस को और भी गंभीर बना दिया है। 30 अप्रैल की चैट में ट्विशा अपनी मां से पूछती दिखीं, “आपने मुझे यहां क्यों भेजा?” उन्होंने लिखा कि उनका पति समर्थ उनसे बात तक नहीं कर रहा और उनका जीवन “नरक” बन चुका है।
इसके बाद 7 मई की चैट में ट्विशा ने अपनी मां से भावुक अपील करते हुए लिखा, “मां, आप मुझे यहां से लेने आ जाओ… मुझे नहीं लगता कि समर्थ को अब मैं चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि उनके पति ने उनसे कहा था कि “एक साल से झेल रहे हैं मुझे।” चैट में ट्विशा बार-बार वहां से निकलने की बेचैनी जाहिर करती नजर आईं।
परिवार का यह भी आरोप है कि ट्विशा को मानसिक रूप से इतना प्रताड़ित किया गया कि उन्हें अपनी प्रेग्नेंसी तक खत्म करनी पड़ी। आरोप है कि पति ने उन पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का शक जताते हुए बच्चे की पितृत्व पर सवाल उठाए थे।
इस मामले में ट्विशा के पति समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह, जो रिटायर्ड जिला जज बताई जा रही हैं, के खिलाफ दहेज हत्या और मानसिक प्रताड़ना की FIR दर्ज की गई है। हालांकि दोनों को फिलहाल अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जिसे ट्विशा का परिवार हाई कोर्ट में चुनौती देने की तैयारी कर रहा है।
इधर पुलिस ने मामले की जांच के लिए छह सदस्यीय SIT गठित कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी पति समर्थ सिंह फिलहाल फरार है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, इस हाईप्रोफाइल मौत के पीछे छिपे राज और भी ज्यादा खौफनाक होते जा रहे हैं।









