47 डिग्री की ‘आग’ में झुलसेगा देश! कहीं आसमान से बरसेंगी आफत की बूंदें, IMD का डरा देने वाला अलर्ट

देश इस वक्त मौसम के सबसे खतरनाक दौर से गुजर रहा है। कहीं सूरज आग उगल रहा है तो कहीं आसमान आफत बनकर टूटने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 5 दिनों को लेकर ऐसा अलर्ट जारी किया है जिसने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। उत्तर और मध्य भारत भीषण लू की चपेट में हैं, जबकि दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश और आंधी-तूफान का खतरा मंडरा रहा है।
हालात इतने भयावह हैं कि कई शहरों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने साफ कहा है कि 24 मई तक गर्मी से राहत मिलने के आसार बेहद कम हैं। दिन ही नहीं, रातें भी लोगों को चैन से सोने नहीं देंगी।
देश के ये शहर बने ‘भट्ठी’
उत्तर प्रदेश का बांदा इस समय देश का सबसे गर्म शहर बन गया है, जहां तापमान 47.6°C दर्ज किया गया। पंजाब का बठिंडा 47°C के साथ आग बरसाता नजर आया। वहीं महाराष्ट्र का वर्धा 46.5°C, हरियाणा का सिरसा 46.2°C और राजस्थान के चित्तौड़गढ़-पिलानी में भी पारा 46.2°C तक पहुंच गया।
दिल्ली-NCR में और बढ़ेगा खतरा
राजधानी दिल्ली भी भीषण गर्मी से कराह रही है। बीते दिन यहां अधिकतम तापमान 43.4°C रिकॉर्ड किया गया। IMD के मुताबिक अगले दो दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। 24 मई तक दिल्ली में लू का प्रकोप जारी रहेगा। दोपहर के समय 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी, जबकि कुछ झोंके 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
अब मौसम बदलेगा करवट, मॉनसून ने दी दस्तक
भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर भी सामने आई है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ और कई साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव हो चुके हैं, जिसके असर से मॉनसून दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार तक पहुंच गया है।
दक्षिण भारत में बारिश और ओलावृष्टि का खतरा
केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप समेत कई राज्यों में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई इलाकों में तेज आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की घटनाएं हो सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पूर्वोत्तर में भी आसमान बनेगा आफत
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 24 मई तक भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।









