Jharkhand Weather Alert: झारखंड में फिर बदलेगा मौसम, 6 दिन तक बारिश-आंधी का अलर्ट…कई जिलों में ऑरेंज चेतावनी जारी…जानें मौसम का हाल
Jharkhand Weather Alert: Weather set to change again in Jharkhand; alert issued for rain and storms spanning 6 days. Orange warning issued for several districts—check the latest weather update.

रांची: झारखंड में एक बार फिर मौसम बड़ा करवट लेने जा रहा है। पिछले कुछ दिनों की बारिश के बाद तेज धूप और उमस से परेशान लोगों को अब राहत मिलने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में अगले 6 दिनों तक बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार 18 मई से 23 मई तक झारखंड का मौसम लगातार बदला हुआ रहेगा। इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही तेज हवाएं और वज्रपात भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकते हैं।
50 से 60 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
IMD के मुताबिक आने वाले दिनों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं कुछ इलाकों में यह गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जाने की आशंका है। ऐसे में मौसम अचानक बदल सकता है और कई जगहों पर तेज तूफानी स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
इन जिलों में जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट
सोमवार को धनबाद और गिरिडीह में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। वहीं मंगलवार के लिए राज्य के 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि इन जिलों में मौसम ज्यादा खराब रह सकता है। बाकी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां लोगों को सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है।
रांची से धनबाद तक जानिए आज का तापमान
राजधानी रांची में आज अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं धनबाद में गर्मी ज्यादा असर दिखा सकती है, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रहने का अनुमान है।
डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। देवघर में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं मैक्लूसकीगंज में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
लोगों के लिए क्या है सलाह?
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। किसानों और यात्रियों को भी मौसम अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।









