झारखंड : रांची में फायरिंग केस का बड़ा खुलासा! पटना से दबोचा गया शूटर, कई हत्याकांड में रेकी का आरोप

Major Breakthrough in Ranchi Firing Case! Shooter Apprehended in Patna; Accused of Conducting Reconnaissance for Multiple Murders.

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के पंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत तेल मील गली में 19 जनवरी 2026 को हुए फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस केस में मुख्य आरोपी बताए जा रहे सोनू यादव को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार सोनू यादव वही व्यक्ति है जिसने आकाश सिंह और विकास सिंह पर गोली चलाई थी। एसएसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसे बिहार के पटना जिले के बिहटा इलाके से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रांची लाकर गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा प्रेस कॉन्फ्रेंस में करने की तैयारी में है।

गुप्त सूचना के आधार पर पटना में हुई गिरफ्तारी

रांची एसएसपी Rakesh Ranjan को मिली जानकारी के बाद पुलिस की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू यादव के रूप में हुई है, जो देवी मंडप रोड का रहने वाला बताया जा रहा है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात के पीछे किन लोगों की संलिप्तता है और पूरा नेटवर्क कितना बड़ा है।

कमल भूषण हत्याकांड में भी सामने आया नाम

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि राजधानी के चर्चित जमीन कारोबारी कमल भूषण हत्याकांड में भी सोनू यादव की भूमिका संदिग्ध रही है। पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि गोली चलाने से पहले उसने कमल भूषण की रेकी की थी।

इस मामले में कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

संजय हत्याकांड में भी रेकी का आरोप

इसके अलावा मृतक कमल भूषण के अकाउंटेंट संजय हत्याकांड में भी सोनू यादव पर रेकी करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि इस केस में भी उसकी भूमिका को लेकर पहले गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस कर रही गहन पूछताछ

फिलहाल रांची पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि पूरे अपराध नेटवर्क और साजिश का खुलासा किया जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस पूरे मामले पर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

Related Articles

close