चाईबासा में अफीम तस्करी पर बड़ा प्रहार, 7 लाख कैश और 20 किलो पोस्ता के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
Major Blow to Opium Trafficking in Chaibasa: Three Smugglers Arrested with ₹7 Lakh in Cash and 20 kg of Poppy Seeds

चाईबासा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम तस्करी से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टेबो थाना क्षेत्र के रोगोद गांव में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 20 किलो पोस्ता, दो बाइक और 7 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई टेबो थाना प्रभारी सुशील कुमार मारांडी के नेतृत्व में की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में अफीम खरीदने और सप्लाई करने वाले तस्कर पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी।
भागने की कोशिश में थे तस्कर, पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा
पुलिस के मुताबिक जैसे ही संदिग्ध लोग तय स्थान पर पहुंचे, टीम ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस जवानों ने पीछा कर तीनों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में पोस्ता, नकदी और दो बाइक बरामद की गईं।
कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
इन आरोपियों को भेजा गया जेल
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोगोद गांव निवासी बुद्धनाथ पूरती (38), सोमा हास्सा पूरती (26) और कोटागढ़ा गांव निवासी मांगरा हुनी पूरती (22) के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 27(a), 28 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एसपी के निर्देश पर लगातार चल रहा अभियान
टेबो थाना प्रभारी सुशील कुमार मारांडी ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जंगलों में छिपकर चलती है अवैध खेती
पुलिस के अनुसार टेबो थाना क्षेत्र का बड़ा हिस्सा घने जंगलों से घिरा हुआ है। इसी का फायदा उठाकर कई लोग गुप्त रूप से अफीम की खेती करते हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि इलाके में तस्करी का संगठित नेटवर्क सक्रिय है, जिसकी कड़ियां दूसरे जिलों तक भी फैली हो सकती हैं।









