शराब के नशे में हैवान बना पिता… 5 महीने की मासूम को पटक-पटकर मार डाला, बेटे की हालत भी गंभीर

इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ही अपने मासूम बच्चों के लिए मौत बन गया। शराब के नशे में धुत आरोपी ने अपनी 5 महीने की बेटी को बेरहमी से पटक-पटकर मार डाला, जबकि 3 साल के बेटे को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया।
यह दर्दनाक मामला जसवंत नगर थाना क्षेत्र के बिहारीपुर गांव का है। बताया जा रहा है कि आरोपी नारायण नशे की हालत में घर पहुंचा था। इसी दौरान पत्नी से तलाक को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया।
मासूमों पर उतारा गुस्सा
आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने अपनी 5 महीने की बेटी को कई बार जमीन और दीवार पर पटक दिया। इतना ही नहीं, उसने अपने 3 साल के बेटे के साथ भी यही हैवानियत दोहराई।
घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन दोनों बच्चों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मासूम बच्ची को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल बेटे का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मामला दबाने की कोशिश, मां पहुंची पुलिस के पास
जानकारी के मुताबिक, आरोपी के परिजन मामले को दबाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन बच्चों की मां ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इलाके में आक्रोश, पुलिस कार्रवाई में जुटी
इस घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।









