झारखंड: टीका लगने के बाद नवजात बच्ची की मौत, परिजनों ने अस्पताल में काटा बवाल, गलत टीका लगाने का आरोप, पुलिस ने मौके…

Jharkhand: Newborn girl dies after vaccination, family members create ruckus in hospital, allege wrong vaccination, police on the spot...

टीका लगने के कुछ घंटों बाद एक नवजात बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा करते हुए गलत वैक्सीन लगाने और लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पूरा मामला झारखंड के जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल का है।
________________________________________
जमशेदपुर। महात्मा गांधी मेमोरियल अस्तपाल (एमजीएम अस्पताल) में नवजात बच्ची की मौत पर स्वास्थ्य विभाग फिर सवालों में है। परिजनों का आरोप है कि बच्ची को बीसीजी का टीका लगने के लगभग तीन घंटे बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और बाद में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ और काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

मिली जानकारी के मुताबिक जानकारी के अनुसार, गुरुद्वारा रोड निवासी उमेश कुमार ने अपनी पत्नी को प्रसव के लिए शुक्रवार को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया था। शनिवार को उनकी पत्नी ने एक बच्ची को जन्म दिया। प्रसव के बाद मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ थे। अस्पताल प्रबंधन की ओर से रविवार को मां और बच्ची को छुट्टी भी दे दी गई थी। डिस्चार्ज के दौरान अस्पताल द्वारा वैक्सीनेशन कार्ड भी जारी किया गया था।

परिवार के लोग नवजात को लेकर घर लौट गए थे। इसके बाद सोमवार को बच्ची को बीसीजी का टीका लगवाने के लिए परिजन दोबारा एमजीएम अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में बच्ची को बीसीजी वैक्सीन लगाई गई और इसके बाद परिवार घर के लिए रवाना हो गया।मृतक बच्ची के पिता उमेश कुमार ने बताया कि अस्पताल से लौटने के दौरान उन्हें महसूस हुआ कि बच्ची सामान्य रूप से रो नहीं रही थी।

घर पहुंचने के बाद उसकी स्थिति और बिगड़ने लगी। परिजनों के अनुसार बच्ची का शरीर धीरे-धीरे नीला पड़ने लगा और वह बेसुध हो गई। यह देखकर परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत बच्ची को लेकर दोबारा एमजीएम अस्पताल पहुंचे।अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने बच्ची की जांच की, लेकिन कुछ देर बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। नवजात की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा।

परिवार के लोगों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि बच्ची पूरी तरह स्वस्थ थी और टीका लगने के बाद ही उसकी हालत बिगड़ी।परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में गलत टीका लगाया गया या वैक्सीनेशन प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही बरती गई है।

उन्होंने दोषी कर्मचारियों और डॉक्टरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल प्रशासन ने MGM Police Station पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों तथा स्थानीय लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।

Related Articles

close