घर के ऊपर घूमता खतरा, गर्मी में पंखा बन सकता है टाइम बम…इन लापरवाहियों से हो सकता है बड़ा हादसा…
सीलिंग फैन की अनदेखी पड़ सकती है भारी, एक्सपर्ट्स ने चेताया—इन लापरवाहियों से हो सकता है बड़ा हादसा

नई दिल्ली। गर्मी की शुरुआत के साथ ही घरों में बंद पड़े पंखे फिर से चलने लगे हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही साधारण सा दिखने वाला सीलिंग फैन कभी-कभी बड़े खतरे की वजह बन सकता है। लापरवाही बरतने पर इसमें आग लगने या ब्लास्ट होने तक की आशंका रहती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, कई महीनों तक बंद रहने के बाद पंखों को बिना जांचे-परखे चालू कर देना सबसे बड़ी गलती साबित हो सकती है। लंबे समय तक इस्तेमाल न होने की वजह से इसके अंदर तकनीकी खराबी या धूल जम सकती है, जो हादसे को न्योता देती है।
सबसे बड़ा खतरा तब होता है जब पंखे को लगातार 10 से 12 घंटे तक चलाया जाता है। इससे मोटर अत्यधिक गर्म हो जाती है और शॉर्ट सर्किट की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में जरूरत न होने पर पंखे को बीच-बीच में बंद करना जरूरी है। बेहतर होगा कि सीजन शुरू होने से पहले किसी इलेक्ट्रिशियन से इसकी जांच कराई जाए।
अनियमित बिजली सप्लाई भी एक बड़ा कारण बन सकती है। बार-बार वोल्टेज का कम-ज्यादा होना पंखे के मोटर और कैपेसिटर को नुकसान पहुंचाता है, जिससे आग लगने या फटने का खतरा बढ़ जाता है।
इसके अलावा, पंखे पर अत्यधिक लोड डालना भी खतरनाक हो सकता है। जब मोटर पर ज्यादा दबाव पड़ता है, तो वह ओवरहीट होकर खराब हो सकती है और गंभीर हादसा हो सकता है।
धूल और गंदगी भी एक बड़ी वजह है, जिसे अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। सर्दियों में जमा हुई धूल पंखे के ब्लेड और मोटर पर असर डालती है, जिससे उसकी गति प्रभावित होती है और ओवरहीटिंग का खतरा बढ़ जाता है।
अगर पंखा चलते समय ‘टक-टक’ जैसी आवाज कर रहा है, तो इसे बिल्कुल हल्के में न लें। यह संकेत हो सकता है कि अंदर कोई खराबी है, जो आगे चलकर बड़ा नुकसान पहुंचा सकती है।
ऐसे में जरूरी है कि गर्मी में पंखा चालू करने से पहले उसकी अच्छी तरह सफाई और जांच कर ली जाए। थोड़ी सी सावधानी आपको बड़े हादसे से बचा सकती है।









