झारखंड-करोड़ों की बैंक डकैती: 3 किलो सोना व 4 लाख कैश की लूट, हथियारबंद डकैतों ने बैंक में मचाया कोहराम, कर्मचारियों को बंधक बनाकर लॉकर लूट फरार
बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा में चार अपराधियों ने हथियार के बल पर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। सोना और लाखों की नकदी लेकर फरार हुए बदमाशों की तलाश जारी है।

Jharkhand Bank Loot: झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही इलाके में दिनदहाड़े हुई बैंक डकैती ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में घुसे हथियारबंद अपराधियों ने कर्मचारियों को बंधक बनाकर लॉकर खुलवाया और भारी मात्रा में सोना व नकदी लूटकर फरार हो गए।
डकैतों ने करीब 3 किलो सोना और लगभग 4 लाख रुपये नकद लेकर भागे हैं। हालांकि कुछ सूत्रों का दावा है कि लूटे गए सोने की कुल कीमत 5 करोड़ रुपये तक हो सकती है। इस घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस वारदात को चार अपराधियों ने अंजाम दिया।
सभी बदमाश अपने चेहरे छिपाकर आए थे—किसी ने हेलमेट पहन रखा था, तो किसी ने मास्क और गमछा बांध रखा था। उनके पास देशी हथियार थे, जिनके बल पर उन्होंने बैंक में मौजूद कर्मचारियों को डरा-धमकाकर अपने कब्जे में ले लिया।अपराधियों ने बैंक में प्रवेश करते ही कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उन्हें मजबूर कर लॉकर खुलवाया।
इसके बाद उन्होंने लॉकर में रखे सोने के आभूषण और नकदी को अपने कब्जे में लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने बैंक को बाहर से बंद कर दिया, जिससे अंदर मौजूद लोग कुछ समय तक बाहर नहीं निकल सके। इसके बाद आरोपी आराम से मौके से फरार हो गए। इस घटना ने पुलिस प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है, खासकर हाल ही में पदस्थापित एसपी अमन कुमार के लिए। दिनदहाड़े इतनी बड़ी वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसिंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के तरीके को देखते हुए पुलिस को शक है कि अपराधियों को बैंक की आंतरिक गतिविधियों की जानकारी थी। जिस सटीकता से उन्होंने लॉकर तक पहुंच बनाई, उससे अंदरूनी संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। इस एंगल से भी जांच की जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।









