छत्तीसगढ़ में ‘जानलेवा गर्मी’ पर CM साय का बड़ा अलर्ट! लापरवाही पड़ सकती है भारी, बच्चों-बुजुर्गों को लेकर दी खास चेतावनी
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से सतर्क रहने, राहगीरों को पानी पिलाने और पशु-पक्षियों की मदद करने की अपील की, कहा- छोटी लापरवाही भी बन सकती है बड़ा खतरा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी अब चिंता का बड़ा कारण बनती जा रही है। तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी और लू जैसे हालात के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों के नाम बड़ी अपील जारी की है। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि इस बार की गर्मी को हल्के में लेना खतरनाक साबित हो सकता है और हर व्यक्ति को खुद के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना होगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश सहित देश के कई हिस्से इस समय भीषण गर्मी की चपेट में हैं। ऐसे में सभी लोगों को सतर्कता, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ इस कठिन दौर का सामना करना चाहिए। उन्होंने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, बाहर निकलते समय पानी साथ रखने और अनावश्यक रूप से तेज धूप में जाने से बचने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी-सी सावधानी भी बड़ी राहत दे सकती है। उन्होंने घर, दुकान, कार्यालय और सार्वजनिक स्थानों के आसपास राहगीरों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था करने का आग्रह करते हुए कहा कि यह छोटा प्रयास किसी जरूरतमंद के लिए जीवन बचाने वाला सहारा बन सकता है।
CM साय ने खास तौर पर बच्चों, बुजुर्गों, श्रमिकों और खुले में काम करने वाले लोगों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ती दिखे, तो उसे तुरंत छायादार या ठंडी जगह पर ले जाएं और पानी, ओआरएस या अन्य तरल पदार्थ उपलब्ध कराएं। जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने पशु-पक्षियों के प्रति भी संवेदनशीलता दिखाने की अपील की। उन्होंने कहा कि घर, छत, आंगन या दुकान के बाहर पानी का छोटा पात्र रखना भी इस तपती गर्मी में किसी जीव के लिए जीवनदान साबित हो सकता है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह समय केवल खुद को बचाने का नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना और सामाजिक सहयोग की भावना को मजबूत करने का है। उन्होंने प्रदेशवासियों से एक-दूसरे का सहारा बनने और मानवता के इस दायित्व को मिलकर निभाने की अपील की।









