बैठक के बीच अचानक बिगड़ी तबीयत, फिर लौटकर नहीं आए रूपनारायण सिन्हा… CM साय सुबह-सुबह पहुंचे घर, पसरा मातम

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान सीने में उठा दर्द बना आखिरी संकेत, कार्डियक अरेस्ट से हुई मौत, अंतिम दर्शन के लिए नेताओं का तांता

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति और संगठन जगत से बुधवार सुबह एक बेहद दुखद खबर सामने आई। योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनके निधन की खबर फैलते ही राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार सुबह स्वयं कबीर नगर स्थित उनके निवास पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान गृहमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप भी मौजूद रहे। घर के बाहर भारी संख्या में कार्यकर्ताओं और परिचितों की भीड़ जुटी रही, जबकि अंदर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को एक प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अचानक रूपनारायण सिन्हा की तबीयत बिगड़ गई थी। उन्होंने सीने में तेज दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया। लेकिन हालात तेजी से बिगड़ते चले गए और डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद कार्डियक अरेस्ट से उनका निधन हो गया।

उनके अचानक निधन ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। जो लोग कुछ घंटे पहले तक उनके साथ कार्यक्रम में मौजूद थे, उन्हें भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी सार्वजनिक मौजूदगी साबित होगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि रूपनारायण सिन्हा से उनका बहुत पुराना और आत्मीय संबंध रहा है। वे लंबे समय से संगठन से जुड़े हुए थे और पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह व्यक्तिगत रूप से भी उनके लिए बेहद पीड़ादायक क्षति है।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

कुछ देर बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक और संगठन से जुड़े लोग शामिल होंगे।

Related Articles

close