मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वैवाहिक जीवन के 35 वर्ष पूरे होने पर पत्नी कौशल्या साय के लिए लिखा खास संदेश, बोले— हर कठिन दौर में बनीं सबसे बड़ी ताकत

35 साल साथ निभाने वाली ‘शक्ति’ का पहली बार खुलकर जिक्र… CM साय का भावुक संदेश पढ़ लोग भी हो गए भावुक

 

रायपुर। राजनीति की व्यस्तताओं और जिम्मेदारियों के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का एक भावुक और बेहद निजी संदेश सामने आया है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। अपनी शादी के 35 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी पत्नी श्रीमती कौशल्या साय के प्रति गहरी कृतज्ञता और भावनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री ने लिखा कि वैवाहिक जीवन के इन 35 वर्षों में उनकी अर्धांगिनी ने हर परिस्थिति में उनका साथ निभाया। उनका अथाह स्नेह, अटूट धैर्य, समझबूझ और निरंतर सहयोग ही वह शक्ति रहा, जिसने उन्हें जीवन की हर चुनौती का सामना करने की प्रेरणा दी।

CM साय ने अपने संदेश में कहा कि उनके व्यक्तिगत और सार्वजनिक जीवन में कौशल्या साय की भूमिका हमेशा अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी रही है। उन्होंने दांपत्य जीवन को सनातन संस्कृति का पवित्र और दिव्य संगम बताते हुए कहा कि यह केवल साथ रहने का रिश्ता नहीं, बल्कि विश्वास, सहयोग, संवेदना और पूर्ण समर्पण का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने आगे लिखा कि जीवन के हर सुख-दुख, संघर्ष और संकल्पों में उनकी पत्नी ने कदम से कदम मिलाकर साथ निभाया। इस विशेष अवसर पर उन्होंने अपनी जीवनसंगिनी को धन्यवाद देते हुए हार्दिक बधाई भी दी।

मुख्यमंत्री के इस भावुक पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी तेजी से आने लगीं। कई लोगों ने इसे एक आदर्श दांपत्य जीवन का उदाहरण बताया, तो कई यूजर्स मुख्यमंत्री के सरल और पारिवारिक व्यक्तित्व की तारीफ करते नजर आए।

Related Articles

close