मौत की आग: AC ब्लास्ट के बाद जिंदा जले 9 लोग… कोई बिस्तर से नहीं उठ सका, कहीं सीढ़ियों पर मिली अधजली लाशें

विवेक विहार की चार मंजिला बिल्डिंग में तड़के भड़की भीषण आग, 6 फ्लैट चपेट में, कई शव पहचान से परे


देश की राजधानी दिल्ली से एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया है, जहां एक एसी ब्लास्ट ने देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग को मौत के आगोश में समेट लिया। शाहदरा इलाके के विवेक विहार में रविवार तड़के करीब 3 बजे चार मंजिला इमारत में हुए इस हादसे में 9 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि हादसा एसी में हुए विस्फोट से शुरू हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते बिल्डिंग के 6 फ्लैट इसकी चपेट में आ गए। उस वक्त ज्यादातर लोग गहरी नींद में थे, जिससे उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिल सका।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुछ लोग अपने बिस्तर से उठ भी नहीं सके और वहीं जिंदा जल गए। कुछ लोग जान बचाने के लिए भागे, लेकिन सीढ़ियों तक पहुंचते-पहुंचते ही आग और धुएं में झुलसकर दम तोड़ दिया। कई शव इतने बुरी तरह जल चुके थे कि पहचान करना भी मुश्किल हो गया और कुछ मामलों में सिर्फ कंकाल ही बरामद हुए।

आग लगने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत और बचाव कार्य के दौरान घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रारंभिक जांच में एसी ब्लास्ट को आग लगने की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

यह दर्दनाक घटना एक बार फिर शहरी इमारतों में सुरक्षा व्यवस्था और फायर सेफ्टी उपायों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। फिलहाल प्रशासन मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।


Related Articles

close