सफेद जहर का सबसे बड़ा खेल उजागर, 1745 करोड़ की कोकेन जब्त, अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट बेनकाब
ऑपरेशन व्हाइट स्ट्राइक में NCB की बड़ी कार्रवाई, क्रिकेट किट और मशीनरी में छिपी थी ड्रग्स, सरगना अब भी फरार

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में ‘सफेद जहर’ के सबसे बड़े खेल का पर्दाफाश हुआ है। Narcotics Control Bureau ने एक विशाल अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट का खुलासा करते हुए करीब 1,745 करोड़ रुपये की 349 किलोग्राम हाई-ग्रेड कोकेन जब्त की है। यह कार्रवाई इतनी बड़ी है कि आमतौर पर पूरे देश में सालभर में जितनी कोकेन पकड़ी जाती है, उससे भी ज्यादा एक ही ऑपरेशन में बरामद हुई है।
इस ऐतिहासिक सफलता की जानकारी देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने इसे जमीनी स्तर से शीर्ष तक पहुंचने वाली रणनीति का बेहतरीन उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि एक छोटी खेप से शुरू हुई जांच ने पूरे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को उजागर कर दिया और एजेंसी की टीम को इसके लिए बधाई दी।
‘ऑपरेशन व्हाइट स्ट्राइक’ नाम से चलाए गए इस मिशन में छह महीने से अधिक समय तक खुफिया निगरानी और सूचनाएं जुटाई गईं। इसके बाद नवी मुंबई-ठाणे के कलंबोली-भिवंडी कॉरिडोर में एक साथ कई जगहों पर छापेमारी की गई, जहां से इस संगठित नेटवर्क के तार जुड़े मिले।
पहले चरण में अधिकारियों ने कलंबोली स्थित एक वेयरहाउस के पास एक वाहन को रोका। तलाशी के दौरान उसमें से 136 पैकेट कोकेन बरामद हुए, जिन्हें बेहद चालाकी से क्रिकेट पैड और ग्लव्स के बीच छिपाया गया था। मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर टीम ने तुरंत दूसरा ऑपरेशन भिवंडी के एक गोदाम में चलाया, जहां से 213 और पैकेट बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि इस बार कोकेन को आयात की गई भारी मशीनरी के अंदर छिपाकर रखा गया था और हर पैकेट को नौ परतों में पैक किया गया था, ताकि किसी भी जांच से बचा जा सके।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह पूरा नेटवर्क बेहद सुनियोजित तरीके से काम कर रहा था। विदेशों से मशीनरी के नाम पर ड्रग्स मंगाना, उन्हें गोदामों में छिपाना और फिर छोटे-छोटे हिस्सों में सप्लाई करना इसकी कार्यप्रणाली का हिस्सा था।
फिलहाल Narcotics Control Bureau इस रैकेट के मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी है और इसमें शामिल फाइनेंसरों, हैंडलरों और सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग्स नेटवर्क और आतंकी कनेक्शन को लेकर एजेंसियां पहले से ही अलर्ट पर हैं।
इस पूरे ऑपरेशन ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि देश में ड्रग्स तस्करी का जाल कितना गहरा और खतरनाक हो चुका है, जिसे तोड़ने के लिए एजेंसियां लगातार सख्त कदम उठा रही हैं।









