झारखंड में आसमानी आफत और राहत की लुकाछिपी: …तपती धूप के बीच ‘हीटवेव’ का यलो अलर्ट…जानें कब बरसेगी राहत की बूंदें

Nature's Game of Hide-and-Seek in Jharkhand: Amidst the Scorching Sun, a 'Heatwave' Yellow Alert—Find Out When the Rains of Relief Will Arrive

झारखंड की राजधानी रांची सहित पूरा राज्य इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई इलाकों में बादल छाने के बावजूद उमस और तपिश का असर कम नहीं हो रहा, बल्कि और ज्यादा महसूस किया जा रहा है। दोपहर 11 बजे के बाद ही सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगता है और बाजार लगभग खाली हो जाते हैं।

शाम के बाद ही निकल रहे लोग, दिन में हालात और मुश्किल

गर्मी का असर इतना ज्यादा है कि लोग जरूरी कामों के लिए भी शाम 5 बजे के बाद ही घर से बाहर निकल रहे हैं। दिन के समय तापमान जितना दर्ज हो रहा है, असल में उससे कहीं ज्यादा झुलसाने वाली गर्मी का एहसास हो रहा है। खासकर कामकाजी लोग, दुकानदार और राहगीर सबसे ज्यादा परेशान हैं।

रांची में 38.7 डिग्री तापमान, गर्म हवाओं ने बढ़ाई बेचैनी

बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि असल चुनौती तापमान से ज्यादा गर्म हवाओं की रही, जिसने दिन के समय सड़क पर चलना तक मुश्किल बना दिया। बाजारों में भी दिन के समय ग्राहकों की आवाजाही बेहद कम रही।

कई जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट, प्रशासन ने दी चेतावनी

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार आने वाले 24 घंटे और अधिक कठिन हो सकते हैं। राज्य के उत्तर पूर्वी और मध्य हिस्सों के कई जिलों में हीटवेव को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा और दुमका प्रमुख रूप से शामिल हैं। लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।

24 अप्रैल से मौसम में बदलाव के संकेत, बारिश से मिल सकती है राहत

मौसम विभाग के अनुसार 24 अप्रैल से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 24 से 28 अप्रैल के बीच रांची, पलामू, धनबाद, जमशेदपुर समेत 10 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।

आंधी और वज्रपात का अलर्ट, सतर्क रहने की सलाह

बारिश के साथ वज्रपात और आंधी को लेकर भी यलो अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close