दुल्हा-दुल्हन के घरवाले आपस में भिड़े, गुस्से में ड्राईवर ने बारातियों को गाड़ी से रौंद डाला, दुल्हे के बहनोई की मौत, कई बारातियों की हालत गंभीर ..

Families of the bride and groom clash; in a fit of rage, the driver runs over wedding guests with his vehicle—groom's brother-in-law dies, condition of several guests critical.

शादी समारोह के दौरान हुए झगड़े ने भयावह रूप ले लिया। बारात में डांस को लेकर शुरू हुए झगड़े के बाद एक ड्राइवर ने गुस्से में आकर कई लोगों पर गाड़ी चढ़ा दी, जिसमें दूल्हे के बहनोई की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए।

……………………………..

 

Crime News। शादी की खुशियों के बीच उस वक्त मातम छा गया, जब एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। बारात में डांस को लेकर हुए झगड़े के बाद बौखलाए एक ड्राइवर ने अपनी ही गाड़ी से बारातियों को बेरहमी से कुचल दिया। पूरा मामला बिहार के बाढ़ का है। जहां इस दर्दनाक घटना में दूल्हे के बहनोई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घटना के बाद आरोपी ड्राइवर फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाढ़ अनुमंडल के बेढ़ना गांव से एक बारात नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत काशीचक गांव गई थी। शादी का माहौल खुशी और उत्साह से भरा हुआ था। बारात निकाली जा रही थी और लोग डीजे की धुन पर नाच-गाना कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर बारातियों और घरातियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।

 

झगड़े के दौरान बारात के साथ आए एक वाहन के ड्राइवर के साथ मारपीट की गई, जिससे उसका सिर फट गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया, लेकिन इस घटना ने ड्राइवर को अंदर तक झकझोर दिया। वह कुछ देर तक शांत रहा, लेकिन उसके मन में गुस्सा उबलता रहा।

 

मारपीट से आक्रोशित ड्राइवर ने बदले की भावना में यह खौफनाक कदम उठाया। वह अचानक अपनी गाड़ी में बैठा और तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हुए सीधे बारातियों की भीड़ में घुस गया। लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला और कई लोग उसकी चपेट में आ गए।

 

इस घटना में दूल्हे के बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों को बिहारशरीफ के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।घटना के बाद शादी का माहौल पूरी तरह से शोक में बदल गया।

 

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में इस घटना को लेकर आक्रोश और दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। साथ ही, घटना के पीछे की पूरी सच्चाई जानने के लिए प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close