एक सेल्फी और मौत का सन्नाटा, बांध के पानी में समा गए दोस्त, एक ही दिन में 4 जिंदगियां खत्म

पुणे के मावल में पिकनिक बना काल, जाधववाड़ी बांध और पवना नदी में डूबने से चार की मौत, इलाके में दहशत


महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक दर्दनाक हादसे ने खुशी के पल को चंद सेकंड में मातम में बदल दिया। मावल तहसील में पिकनिक मनाने गए दोस्तों की मस्ती उस वक्त चीखों में बदल गई, जब सेल्फी लेने के दौरान तीन युवक बांध के गहरे पानी में समा गए। वहीं, उसी दिन एक अन्य युवक की पवना नदी में डूबने से मौत हो गई। इस तरह एक ही दिन में चार लोगों की जान चली गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मृतकों की पहचान अजय गरुडे, अनिकेत पवार और संतोष येडके के रूप में हुई है। ये सभी पुणे के भोसारी इलाके के रहने वाले थे और अपने दोस्तों के साथ मावल घूमने आए थे। जानकारी के मुताबिक, जाधववाड़ी बांध के पास छह दोस्तों का एक समूह पिकनिक मना रहा था।

बताया जा रहा है कि इनमें से चार युवक घुटने तक पानी में खड़े होकर सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे थे। तभी अचानक एक युवक का पैर फिसला और वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में बाकी तीनों ने एक-दूसरे को पकड़ रखा था, जिससे वे भी संतुलन खो बैठे और एक-एक कर पानी में डूबते चले गए।

घटना के दौरान पास में खड़ा एक अन्य दोस्त तुरंत मदद के लिए दौड़ा और किसी तरह एक युवक को बाहर निकालने में सफल रहा, लेकिन बाकी तीनों को बचाया नहीं जा सका। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, बचाव दल, एनडीआरएफ और अन्य टीमें मौके पर पहुंचीं और सर्च ऑपरेशन चलाकर तीनों शवों को बाहर निकाला।

इसी बीच, एक और दुखद घटना पवना नदी में सामने आई, जहां एक युवक की डूबने से मौत हो गई। एक ही दिन में चार मौतों ने प्रशासन और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बांध और नदी जैसे खतरनाक जलाशयों के पास जाते समय सावधानी बरतें और लापरवाही से बचें। यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि एक छोटी सी चूक किस तरह जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।

Related Articles

close