झारखंड में स्कूल का समय बदलेगा ! भीषण गरमी और लू के बीच स्कूल के समय में बदलाव की उठी मांग, शिक्षा सचिव को सौंपा गया ज्ञापन
School Timings to Change in Jharkhand! Amidst intense heat and heatwaves, demands have arisen to modify school hours; a memorandum has been submitted to the Education Secretary.

Jharkhand School Timing Change News। झारखंड में गरमी कहर बरपा रही है। झुलसाने वाली गरमी और लू ने जनजीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है। आग बरसाते इस मौसम में सबसे ज्यादा प्रभावित स्कूली बच्चे हो रहे हैं। बच्चों को तीखी धूप और लू के बीच स्कूल से लौटना पड़ रहा है।
लिहाजा, स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ती जा रही है। इसी को देखते हुए झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने स्कूलों के समय में बदलाव या अवकाश घोषित करने की मांग उठाई है।एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने इस संबंध में राज्य के शिक्षा सचिव को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है।
गर्मी और लू से बच्चों पर बढ़ता खतरा
अपने ज्ञापन में अजय राय ने कहा कि झारखंड के अधिकांश जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर छोटे स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है।भीषण गर्मी के कारण बच्चों में डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, सिरदर्द और अत्यधिक थकान जैसी समस्याएं देखने को मिल रही हैं। कई अभिभावकों ने चिंता जताई है कि दोपहर की तेज धूप में बच्चों को स्कूल भेजना उनके स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा साबित हो सकता है।
सुबह 6:30 से 10:30 बजे तक कक्षाएं करने का सुझाव
इस मामले में पेरेंट्स एसोसिएशन ने अपनी मांगों में स्पष्ट रूप से कहा है कि सभी विद्यालयों के समय में तत्काल बदलाव किया जाए। प्रस्तावित समय सुबह 6:30 बजे से 10:30 बजे तक रखा गया है, ताकि बच्चे तेज धूप और लू के प्रभाव से बच सकें।इसके अलावा, जिन जिलों में गर्मी का प्रकोप अत्यधिक है, वहां कुछ दिनों के लिए स्कूलों में अवकाश घोषित करने की भी मांग की गई है।
जिला प्रशासन को मिले निर्णय का अधिकार
एसोसिएशन का यह भी कहना है कि स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन को निर्णय लेने का अधिकार दिया जाना चाहिए। इससे अलग-अलग जिलों में मौसम की स्थिति के अनुसार लचीले फैसले लिए जा सकेंगे।अजय राय ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोपरि है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
शिक्षा मंत्री और डीसी को भी भेजी गई प्रतिलिपि
पेरेंट्स एसोसिएशन ने अपने ज्ञापन की प्रतिलिपि राज्य के शिक्षा मंत्री और रांची के उपायुक्त (डीसी) को भी भेजी है, ताकि इस मुद्दे पर जल्द से जल्द निर्णय लिया जा सके।अभिभावकों का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में दोपहर की गर्मी में बच्चों को स्कूल भेजना उचित नहीं है। सरकार को इस पर संवेदनशीलता के साथ विचार कर त्वरित निर्णय लेना चाहिए।
सरकार से सकारात्मक पहल की उम्मीद
एसोसिएशन को उम्मीद है कि राज्य सरकार और शिक्षा विभाग इस गंभीर स्थिति को समझेंगे और जल्द ही कोई ठोस कदम उठाएंगे। यदि समय रहते स्कूल टाइम में बदलाव या अवकाश की घोषणा की जाती है, तो इससे हजारों बच्चों और उनके अभिभावकों को राहत मिलेगी।









